फॉलो करें

असम प्रदेश भाजपा की दो दिवसीय कार्यकारिणी बैठक का शुभारंभ

146 Views

करीमगंज, 23 दिसम्बर (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा की दो दिवसीय कार्यकारिणी की बैठक बुधवार सुबह 10 बजे पार्टी के झंडोत्तोलन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुई। पार्टी का ध्वज प्रदेश अध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने फहराया। इस मौके पर मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल समेत सभी प्रमुख नेता मौजूद थे। बैठक में स्वागत भाषण करीमगंज जिला भाजपा अध्यक्ष सुब्रत भट्टाचार्य ने दिया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास के संबोधन के बाद प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ हेमप्रभा बरठाकुर ने शोक प्रस्ताव पेश किया।

शोक प्रस्ताव के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तरुण गोगोई समेत भाजपा के राज्य, जिला, ब्लाक एवं बूथ स्तर के राज्यभर में दिवंगत नेताओं को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। साथ ही दिवंगत आत्माओं के परिजनों के प्रति संवेदना ज्ञापित की गयी।

कार्यकारिणी बैठक में प्रदेश भाजपा महासचिव एवं सांसद डॉ. राजदीप राय ने राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया, जिसका अनुमोदन प्रदेश उपाध्यक्ष पुलक गोहाईं, विधायक कृष्णेंदु पाल, केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली ने किया।

राजनीतिक प्रस्ताव पेश किये जाने के बाद राष्ट्रीय महासचिव दिलीप सैकिया ने राज्य में पार्टी की गतिविधियों को लेकर अपने विचार व्यक्त किये। ज्ञात हो कि देर शाम को मुख्यमंत्री के संबोधन पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश भाजपा की लंबे समय बाद इतने भव्य रूप में बराक घाटी में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गयी है। बराक घाटी के तीन जिले- कछार, हैलाकांदी और करीमगंज में विधानसभा की कुल 14 सीटें हैं। भाजपा की नजर आगामी 2021 के विधानसभा चुनावों में बराक की सभी 14 सीटों पर है। इसके चलते कार्यकारिणी की बैठक से पहले ही प्रदेश अध्यक्ष दास 09 दिवसीय प्रवास पर बराक घाटी पहुंचे हैं। वे प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाने में जुटे हुए हैं।

कार्यकारिणी की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दास एवं मुख्यमंत्री सोनोवाल के अलावा पूर्वोत्तर के सांगठनिक सचिव अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी बैजयंत जय पांडा, राष्ट्रीय महासचिव दिलीप सैकिया, प्रदेश सांगठनिक सचिव फणींद्र नाथ शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री कबींद्र पुरकायस्थ समेत सभी सांसद, विधायक समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। सत्ताधारी पार्टी की कार्यकारिणी सभा को देखते हुए करीमगंज जिले में सुरक्षा के बेहद पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। शहर में यातायात के रूटों में भी ट्रैफिक विभाग ने फेरबदल किया है।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल