फॉलो करें

जम्मू-कश्मीर में शहीद हुए झुंझुनू के जवान को अंतिम विदाई

160 Views

झुंझुनू, 10 जनवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में शहीद हुए झुंझुनू जिले के डूमोली कलां गांव के जवान ईश्वर सिंह गुर्जर (42) का शुक्रवार को सैन्य सम्मान से अंतिम संस्कार किया गया। जवान के 15 साल के बेटे आकाश ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम विदाई से पहले सिंघाना थाना से ईश्वर सिंह के पैतृक गांव डूमोली कलां तक 8 किलोमीटर की तिरंगा यात्रा निकाली गई। जयपुर से आई राज रिफ (राजपूताना राइफल्स) यूनिट के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। ईश्वर सिंह की पार्थिव देह शुक्रवार सुबह घर पहुंची तो उनकी पत्नी किरण देवी उससे लिपटकर रोने लगीं। बेटे आकाश ने पिता को सैल्यूट किया। ईश्वर सिंह भारतीय सेना की स्पेशल फोर्सेज 6 पैरा कमांडो में हवलदार थे। वह डोडा (जम्मू-कश्मीर) में तैनात थे।

ईश्वर के छोटे भाई संत कुमार स्पेशल फोर्सेज में नायब सूबेदार हैं। संत कुमार ने बताया कि ईश्वर सिंह हम तीन भाइयों में मंझले थे। ईश्वर सिंह ने 2002 में बेंगलुरु (कर्नाटक) में सेना में सिपाही के तौर पर जॉइन किया था। उनकी पहली पोस्टिंग आगरा में थी। इसके बाद वे सिपाही से लांस नायक, फिर नायक पद पर पदोन्नत हुए। 3 साल पहले उनका प्रमोशन हवलदार के पद पर हुआ था। बेंगलुरु से 1 महीने पहले ही उनका नया पदस्थापन जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुआ था। 10 दिसंबर को छुट्टी पूरी होने के बाद उन्होंने डोडा जाकर ड्यूटी जॉइन की थी।

डोडा इलाके में बर्फबारी और तेज सर्दी के कारण 1 जनवरी को ड्यूटी के दौरान अचानक उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया। दिमाग में क्लॉट हो गया। उन्हें उधमपुर के कमांड हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। 2 जनवरी को वे कोमा में चले गए। 8 जनवरी (बुधवार) की रात उन्होंने अंतिम सांस ली। गुरुवार को उधमपुर अस्पताल में कमांड ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। ईश्वर सिंह की पार्थिव देह गुरुवार देर रात सिंघाना थाने लाई गई थी। ईश्वर सिंह के दो बेटियां और एक बेटा है। बेटी प्रिया (20) कॉलेज में फर्स्ट ईयर में है। दूसरी बेटी ज्योति (18) 11वीं कक्षा में है। दोनों बेटियां सीकर में रहकर नीट की तैयारी भी कर रही हैं। पिता उन्हें डॉक्टर बनाना चाहते थे। बेटा आकाश 8वीं कक्षा का छात्र है। वह पचेरी में प्राइवेट स्कूल में पढ़ता है। ईश्वर सिंह के पिता लीलाराम और सबसे बड़े भाई मदन किसान हैं। मां बनारसी देवी गृहिणी हैं।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

‘पाण्डुलिपिविज्ञानं प्रतिलेखनञ्च’ विषयक एकविंशतिदिनीय राष्ट्रीय कार्यशाला का पाँचवाँ दिन सम्पन्न — मैथिली लिपि का जीवंत प्रदर्शन तथा वैष्णव पदावली पाण्डुलिपि का अनुलेखन रहा मुख्य आकर्षण

Read More »

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल