फॉलो करें

बाढ़ से असम के 29 जिलों के 711905 नागरिक प्रभावित- चार लोगों की बाढ़ में मौत

94 Views

गुवाहाटी। असम में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते उत्पन्न हुए बाढ़ के हालात बेहद गंभीर हो गये हैं। यहां 29 जिलों के 2251 गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है, जिसकी वजह से 711905 नागरिक प्रभावित हुए हैं।

असम आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से शुक्रवार की रात जारी आंकड़ों के अनुसार असम के 29 जिलों के 84 राजस्व सर्किल बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रभावित जिलों में बरपेटा, बिश्वनाथ, बंगाईगांव, कछार, चराईदेव, दरंग, धेमाजी, धुबरी, डिब्रूगढ़, डिमा-हसाउ, ग्वालपारा, गोलाघाट, हैलाकांदी, होजाई, जोरहाट, कामरूप, कामरूप (मेट्रो), कार्बी आंगलोंग वेस्ट, करीमगंज, कोकराझार, लखीमपुर, माजुली, मोरीगांव, नगांव, नलबाड़ी, शोणितपुर, दक्षिण सलमारा, तिनसुकिया, उदालगुरी शामिल हैं।

विभाग के मुताबिक 29 जिलों के 2251 गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। इससे 711905 नागरिक प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के पानी में कुल 80036.90 हेक्टेयर खेती की भूमि पानी में डूब गयी है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में कुल 234 राहत शिविर खोले गये हैं। इसके अलावा 128 राहत वितरण शिविर स्थापित किये गये हैं, जहां से प्रभावित लोगों को आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया जा रहा है। राहत शिविर में कुल 74705 लोग रह रहे हैं। इनमें 12974 बच्चे तथा 168 गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। शुक्रवार को नगांव, कछार और लखीमपुर जिला में कुल चार व्यक्ति बाढ़ के पानी में डूब गये हैं।

बाढ़ से इंसानों के साथ ही पशु भी बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। कुल 448276 पशु प्रभावित हुए हैं। इनमें 220127 बड़े, 103423 छोटे तथा 124726 पोल्ट्री शामिल हैं। शुक्रवार को बाढ़ के दौरान 3 कच्चे मकान पूरी तरह से नष्ट हो गए। राहत एवं बचाव कार्य में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन, स्थानीय पुलिस कर्मी जुटे हुए हैं। शुक्रवार को कुल 2720 लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से नावों के जरिए निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। 128 पशुओं को भी नावों के जरिए बचाया गया है। एक हेलीकॉप्टर के जरिए 145 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में 37 स्वास्थ्य टीमें भी अपनी सेवाएं दे रही हैं।

शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच 1422.58 क्विंटल चावल, 236.97 क्विंटल दाल, 80.66 क्विंटल नमक, 3918.52 लीटर सरसों का तेल के अलावा पशु का चारा-गेंहू का भूसा 1482.44 क्विंटल, मवेशी चारा – चावल की भूसी 931.50 क्विंटल भी वितरित किया गया। बाढ़ के चलते सड़क, पुल आदि को भी नुकसान पहुंचा है।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल