फॉलो करें

विकास यात्रा को गति देने के लिए असम में भाजपा की दुबारा बनी सरकार- जेपी नड्डा

102 Views
नई दिल्ली/गुवाहाटी, 29 जून (हि.स.)। असम की जनता ने विपक्ष द्वारा रचे जा रहे सम्प्रदायवाद और अलगाववाद के राजनीतिक षड्यंत्र को करारा जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रही विकास यात्रा को गति देने हेतु जिस तरह दोबारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जनादेश दिया है, इसके लिए मैं उन्हें नमन करता हूं। ये बातें मंगलवार को असम प्रदेश भाजपा की कार्यकारिणी सभा में वर्चुअल तरीके से दिल्ली से हिस्सा लेते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कही। ज्ञात हो कि मंगलवार को प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष भवेश कलिता ने औपचारिक रूप से अपना पदभार संभाला। विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश भाजपा की आज पहली बार कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गयी थी।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से वैक्सीनेशन और गरीब कल्याण अन्न योजना को अपना कार्यक्रम समझते हुए इसे सफल करने के लिए मिशन मोड में जुटने का आह्वान किया। पार्टी कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि एक भी व्यक्ति वैक्सीनेशन के बगैर न रहे और हर जरूरतमंद को गरीब कल्याण अन्न योजना का लाभ मिले। नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में असम की हमारी सरकार ने गवर्नेंस को और अधिक जवाबदेह बनाया है। हमारी असम सरकार ने ड्रग्स के खिलाफ जो मुहिम छेड़ी है, वह राज्य के युवाओं के लिए सबसे बड़ा तोहफा होगा। विकास के लिए अनुकूल वातावरण असम में तैयार किया जा रहा है।
असम में जहां एक ओर अलगाववादियों के साथ डायलॉग शुरू किया गया है तो वहीं एंटी इंसरजेंसी ऑपरेशंस भी किये जा रहे हैं। इसका सीधा संदेश यह है कि जो प्यार से मुख्यधारा में जुड़ना चाहते हैं, उनका स्वागत है लेकिन जो कानून अपने हाथ में लेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। असम की सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण रखने के लिए कई योजनाएं बनाई गई हैं। अरुणोदय योजना के तहत लगभग 17 लाख मार्जिनल फैमिली की इनकम बढ़ाई गई है। अभिभावक मंत्री बना कर जिलों को आगे बढ़ाया जा रहा है और सरकारी योजनाओं का जमीन पर किर्यान्वयन हो रहा है।
कोरोना की दूसरी लहर के दौरान कांग्रेस और बदरुद्दीन अजमल की पार्टी के कोई नेता जनता की मदद करते नहीं दिखे। वास्तव में इन्हें असम की जनता की सेवा से नहीं, बल्कि उनके वोट से मतलब है। मेरी बात एक बार पुनः सिद्ध हुई कि ये बस पॉलिटिकल टूरिस्ट हैं। हमारे प्रधानमंत्री ने कितने प्रयासों से योग को दुनिया में प्रतिष्ठित किया और असम की जनता किस तरह अथक परिश्रम करके उच्च गुणवत्ता वाली असम की चाय दुनिया भर में पहुंचाई है लेकिन कांग्रेस ने योग और असम की चाय को दुनिया भर में बदनाम करने की साजिश रची।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और भाजपा की राज्य सरकारों का एक ही मंत्र है कि हम सबका साथ और सबका विकास करेंगे लेकिन किसी का तुष्टिकरण नहीं करेंगे। लेकिन, कांग्रेस की नीति ही समाज को बांटने और सम्प्रदायवाद के जहर का बीज बोने की रही है। कांग्रेस की सरकार में असम के विकास को अनदेखा किया और हर चीज में कमीशन को अपना मिशन बना लिया था। केवल और केवल भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसका एक सामाजिक पक्ष भी है। हम जनता की सेवा में सदैव तत्पर रहते हैं। हमारा कोरोना वैक्सीनेशन कार्यक्रम, दुनिया का लार्जेस्ट और फास्टेस्ट वैक्सीनेशन प्रोग्राम है लेकिन विपक्ष ने इस पर भी बेसिरपैर की राजनीति की। आज भारत वैक्सीन मांगने वाला नहीं, दूसरे देशों को वैक्सीन देने वाला देश बना है।
वैक्सीन डोज एडमिनिस्टर करने के मामले में हम अमेरिका को पछाड़ चुके हैं। भारत में कल तक लगभग 32.38 करोड़ डोज एडमिनिस्टर किये जा चुके हैं जो विश्व में सर्वाधिक है। असम में लगभग 2300 वैक्सीनेशन सेंटर्स बनाए गए हैं और यहां रोजाना औसतन 3.5 लाख वैक्सीन डोज एडमिनिस्टर किये जा रहे हैं। अब तक असम में 69 लाख डोज एडमिनिस्टर किये जा चुके हैं। 21 जून को एक दिन में लगभग 3.75 लाख डोज एडमिनिस्टर किये गए। असम ने प्रदेश के 2.25 करोड़ लोगों का वैक्सीनेशन करने का लक्ष्य रखा है। किसानों की बात करने वाले कई हुए लेकिन आजादी के 70 सालों में किसानों के लिए जितने काम प्रधानमंत्री मोदी ने किये हैं, उतने किसी ने नहीं किये।
हमारी सरकार ने कृषि बजट को 1.21 लाख करोड़ रुपये को बढ़ा कर 2.11 करोड़ रुपये किया है। किसान सम्मान निधि के तहत 10 करोड़ से अधिक किसानों के एकाउंट में अब तक 1.36 लाख करोड़ रुपये हस्तांतरित किये जा चुके हैं। डीएपी पर प्रति बोरी सब्सिडी 140 प्रतिशत बढ़ाई गई है। सेवा ही संगठन 2.0 अभियान के तहत असम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने लगभग 9.62 लाख फेस मास्क, लगभग 27 हजार फूड पैकेट्स और लगभग 75,000 राशन किट्स का वितरण किया है। ‘मेरा बूथ, कोरोना मुक्त’ अभियान के तहत पार्टी राज्य में पार्टी के लगभग चार हजार कार्यकर्ता लगे हुए हैं।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल