मुक्तिजोधा राजमोहन ग्वाला आदर्श विद्यालय को मिला वर्ष 2025 का सर्वश्रेष्ठ चाय बागान स्कूल सम्मान
प्रिंसिपल अबुल काशिम को केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने किया सम्मानित
शिलचर/डिब्रूगढ़, 23 नवंबर:
असम सरकार के श्रम कल्याण, चाय जनजाति एवं जनजातीय कल्याण विभाग ने वर्ष 2025 के लिए उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणाम एवं उल्लेखनीय शैक्षिक उपलब्धियों के आधार पर मुक्तिजोधा राजमोहन ग्वाला आदर्श विद्यालय, मनियारखाल चाय बागान (कछार जिला) को प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ चाय बागान स्कूल घोषित किया है। यह सम्मान चाय बागान क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति विद्यालय और स्थानीय समुदाय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय श्रमिक कल्याण दिवस कार्यक्रम में केंद्रीय पोत, जल परिवहन एवं AYUSH मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने विद्यालय के प्रिंसिपल अबुल काशिम को प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किया। समारोह का आयोजन श्रम कल्याण विभाग और असम श्रमिक कल्याण संघ द्वारा डिब्रूगढ़ जिले में भव्य रूप से किया गया।
पुरस्कार प्राप्ति पर मनियारखाल चाय बागान की शिक्षा-प्रेमी जनता, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों ने विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों और छात्रों को हार्दिक बधाई दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय ने वर्षों से कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा की गुणवत्ता को बनाए रखा है और चाय बागान क्षेत्र के बच्चों को उज्ज्वल भविष्य देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह सम्मान न केवल विद्यार्थियों और शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाता है, बल्कि चाय बागान समुदाय में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मदद करेगा। प्रिंसिपल अबुल काशिम ने इस उपलब्धि को सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की संयुक्त मेहनत का परिणाम बताया।
मुक्तिजोधा राजमोहन ग्वाला आदर्श विद्यालय की इस उपलब्धि से कछार जिला और बराक घाटी में भी खुशी की लहर है। यह सम्मान चाय बागान क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा की दिशा में एक प्रेरक संदेश भी देता है।





















