झारखंड का छात्र आंदोलन: सवाल सिर्फ परीक्षा का नहीं, व्यवस्था के भरोसे का हैसौरभ वार्ष्णेयदिल्ली के जंतर मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद अब झारखंड की राजधानी रांची इन दिनों केवल प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र नहीं दूसरा जंतर मंतर बनी हुई है। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में 25 जुलाई से चल रहा छात्र आंदोलन उस बेचैनी की आवाज बन गया है, जो वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के मन में पल रही है। छात्रों का आरोप है कि झारखंड लोक सेवा आयोग यानी जेपीएससी और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग यानी जेएसएससी की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और व्यापक अनियमितताओं ने उनकी मेहनत, समय और भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनकी मांग है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई से कराई जाए, संदिग्ध परीक्षाओं को रद्द किया जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो। यह आंदोलन महज कुछ परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आक्रोश नहीं है। इसके भीतर उस व्यवस्था के प्रति अविश्वास दिखाई देता है, जिसमें एक सामान्य मध्यमवर्गीय या गरीब परिवार का युवा वर्षों तक किताबों के बीच अपना जीवन खपा देता है। वह सरकारी नौकरी को केवल रोजगार नहीं, बल्कि सामाजिक सुरक्षा, परिवार के भविष्य और अपनी मेहनत की सफलता का माध्यम मानता है। ऐसे में यदि उसे यह महसूस होने लगे कि परीक्षा में उसकी मेहनत से ज्यादा प्रभाव किसी लीक, सिफारिश, भ्रष्टाचार या प्रशासनिक लापरवाही का है, तो समस्या केवल एक परीक्षा की नहीं रहती; वह लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता का प्रश्न बन जाती है।छात्रों की प्रमुख मांगों में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच, प्रभावित परीक्षाओं—जिनमें 14वीं जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल जैसी परीक्षाओं का उल्लेख किया जा रहा है—की निष्पक्ष समीक्षा तथा आवश्यकता पडऩे पर उन्हें रद्द कर दोबारा आयोजित करना शामिल है। छात्र यह भी चाहते हैं कि परीक्षा संचालन प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए और जिन लोगों की भूमिका अनियमितताओं में सामने आती है, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई हो। सवाल यह है कि सरकार इस आक्रोश को केवल आंदोलन मानकर देखेगी या इसे व्यवस्था में सुधार का अवसर बनाएगी? प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने वाला छात्र यदि एक उत्तर गलत लिख देता है तो उसका परिणाम बदल सकता है। लेकिन जब परीक्षा व्यवस्था में ही गंभीर त्रुटि हो जाए तो हजारों छात्रों के परिणाम बदल जाते हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि छात्र की गलती के लिए कोई माफी नहीं होती, जबकि व्यवस्था की गलती का खामियाजा वर्षों तक छात्रों को भुगतना पड़ता है।एक छात्र परीक्षा के लिए वर्षों तैयारी करता है। महंगी कोचिंग लेने की क्षमता न हो तो वह पुस्तकालय, हॉस्टल, किराए के कमरे या घर के एक छोटे से हिस्से में बैठकर तैयारी करता है। कई छात्र उम्र की सीमा के कारण अंतिम अवसर पर परीक्षा देते हैं। ऐसे में परीक्षा के बाद यदि पेपर लीक, प्रश्नपत्र की गोपनीयता, उत्तर पुस्तिका, परिणाम या चयन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठते हैं तो उस छात्र की स्थिति को समझना आवश्यक है।उसके लिए यह सिर्फ एक परीक्षा नहीं है। उसके पीछे उसके माता-पिता की उम्मीदें, परिवार की आर्थिक परिस्थितियां और उसके जीवन के कई वर्ष जुड़े होते हैं। यही कारण है कि सरकार को छात्रों के आक्रोश को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय प्रशासनिक और मानवीय दृष्टि से देखना चाहिए।छात्रों की सबसे प्रमुख मांग सीबीआई जांच की है। यहां सरकार के सामने दोहरी चुनौती है। पहली चुनौती यह तय करना कि क्या मौजूदा जांच व्यवस्था छात्रों का विश्वास हासिल करने में सक्षम है। दूसरी चुनौती यह है कि यदि सरकार को अपनी जांच पर पूरा भरोसा है तो उसे जांच की पारदर्शिता को लेकर छात्रों की आशंकाओं का समाधान कैसे करना है। बताया गया है कि झारखंड सीआईडी कथित अनियमितताओं की जांच कर रही है। जांच के दौरान जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांगते से पूछताछ की गई है और अब तक 19 लोगों की गिरफ्तारी की बात सामने आई है। यदि जांच में गिरफ्तारियां हुई हैं तो यह संकेत है कि मामला प्रशासन के लिए गंभीर है। लेकिन गिरफ्तारी अपने आप में अंतिम निष्कर्ष नहीं होती। असली सवाल यह है कि कथित अनियमितताओं का पूरा नेटवर्क क्या था? प्रश्नपत्र या परीक्षा प्रक्रिया से छेड़छाड़ किस स्तर पर हुई? किसे लाभ मिला? किसने आर्थिक या प्रशासनिक लाभ उठाया? और क्या इसमें कोई संगठित गिरोह शामिल था? सीबीआई जांच की मांग को केवल राजनीतिक दबाव या प्रशासन पर अविश्वास के रूप में खारिज कर देना भी उचित नहीं होगा। यदि छात्रों का एक बड़ा वर्ग किसी जांच एजेंसी पर भरोसा नहीं कर रहा है तो सरकार को उस अविश्वास के कारणों को समझना चाहिए।लोकतंत्र में जांच की निष्पक्षता जितनी महत्वपूर्ण है, उतना ही महत्वपूर्ण है उसका निष्पक्ष दिखाई देना। छात्रों की मांगों में संदिग्ध अथवा प्रभावित परीक्षाओं को रद्द करने की बात भी है। यह मांग भावनात्मक रूप से समझ में आती है, लेकिन इसके साथ एक कठिन प्रशासनिक प्रश्न जुड़ा है। यदि परीक्षा में व्यापक स्तर पर गड़बड़ी प्रमाणित होती है तो परीक्षा को रद्द करना आवश्यक हो सकता है। लेकिन यदि केवल कुछ केंद्रों या कुछ अभ्यर्थियों तक अनियमितता सीमित है तो क्या लाखों अभ्यर्थियों की पूरी परीक्षा रद्द कर दी जाए? यह फैसला केवल राजनीतिक दबाव में नहीं, ठोस जांच और प्रमाणों के आधार पर होना चाहिए।क्योंकि परीक्षा रद्द होने का अर्थ केवल प्रश्नपत्र दोबारा छपना नहीं है। इसका अर्थ है हजारों छात्रों के कई महीने या कई वर्ष फिर से परीक्षा की तैयारी में लगना। उम्र सीमा के करीब पहुंच चुके अभ्यर्थियों के लिए यह फैसला और भी गंभीर हो सकता है।इसलिए सरकार को एक स्पष्ट, वैज्ञानिक और पारदर्शी मानक बनाना चाहिए—किस परिस्थिति में परीक्षा रद्द होगी, किस स्थिति में प्रभावित केंद्रों की परीक्षा दोबारा होगी और किस स्थिति में केवल दोषी अभ्यर्थियों या अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नियम स्पष्ट होंगे तो विवाद कम होंगे।छात्रों से बातचीत के लिए झारखंड सरकार द्वारा चार सदस्यीय दल गठित किया जाना सकारात्मक कदम माना जा सकता है। इससे कम से कम संवाद का रास्ता खुला है। छात्रों ने भी बातचीत के लिए तैयार होने की बात कही है। यही वह अवसर है जहां सरकार को अपनी संवेदनशीलता और प्रशासनिक क्षमता दोनों दिखानी होंगी। छात्रों को बुलाकर उनकी बातें सुन लेना पर्याप्त नहीं है। उन्हें यह भी बताना होगा कि सरकार उनकी किन मांगों को मानने को तैयार है, किन पर जांच के बाद निर्णय लिया जाएगा और किन मांगों को किन कानूनी या प्रशासनिक कारणों से स्वीकार नहीं किया जा सकता।सबसे खतरनाक स्थिति वह होगी जिसमें बैठक हो, तस्वीरें खिंचें, बयान जारी हों और फिर सब कुछ पहले की तरह चलता रहे। छात्रों को आश्वासन नहीं, समयबद्ध रोडमैप चाहिए।झारखंड की घटना को केवल राज्य की स्थानीय समस्या मानना भूल होगी। देश के अनेक राज्यों में प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। कभी प्रश्नपत्र की गोपनीयता पर प्रश्न उठते हैं, कभी परिणामों पर, कभी परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था पर तो कभी भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर।इसका सबसे बड़ा नुकसान उस युवा को होता है जो सरकारी नौकरी के लिए अपना भविष्य दांव पर लगाता है।भारत युवा देश है। हर वर्ष लाखों युवा रोजगार बाजार में प्रवेश करते हैं। निजी क्षेत्र में अवसरों की अपनी सीमाएं हैं और सरकारी नौकरी अब भी बड़ी संख्या में परिवारों के लिए स्थिर करियर का आकर्षण रखती है। इसलिए सरकारी भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता राष्ट्रीय महत्व का विषय है।यदि प्रतियोगी परीक्षा की व्यवस्था पर भरोसा टूटता है तो युवा व्यवस्था से विमुख हो सकता है। और जिस देश की युवा शक्ति व्यवस्था से निराश होने लगे, उसके लिए यह केवल रोजगार का संकट नहीं, सामाजिक स्थिरता का भी प्रश्न बन सकता है।एक प्रश्नपत्र लीक होने का मतलब है हजारों ईमानदार छात्रों के अधिकारों की चोरी। इसका अर्थ है किसी दूसरे व्यक्ति को अनुचित लाभ देना। इसका अर्थ है मेहनत और योग्यता की जगह पैसा, संपर्क या आपराधिक नेटवर्क को बढ़ावा देना।अगर परीक्षा व्यवस्था में कोई व्यक्ति प्रश्नपत्र बेचता है तो वह केवल कानून नहीं तोड़ता, बल्कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करता है। इसलिए पेपर लीक के मामलों में कार्रवाई भी उसी गंभीरता से होनी चाहिए। केवल छोटे कर्मचारियों या बिचौलियों को पकड़कर जांच समाप्त नहीं होनी चाहिए। यदि किसी बड़े अधिकारी, परीक्षा संचालक, निजी संस्था या संगठित गिरोह की भूमिका सामने आती है तो उसकी तह तक जाना होगा। आज तकनीक के दौर में परीक्षा व्यवस्था को पहले की तुलना में कहीं अधिक सुरक्षित बनाया जा सकता है। प्रश्नपत्रों की डिजिटल एन्क्रिप्शन व्यवस्था, सुरक्षित प्रिंटिंग, ट्रैकिंग सिस्टम, परीक्षा केंद्रों की निगरानी, सीसीटीवी, बायोमेट्रिक सत्यापन और डेटा ऑडिट जैसी व्यवस्थाएं पारदर्शिता बढ़ा सकती हैं। तकनीक के पीछे बैठे व्यक्ति की नीयत और संस्थागत जवाबदेही अधिक महत्वपूर्ण है। इसलिए हर परीक्षा के बाद एक स्वतंत्र ऑडिट व्यवस्था होनी चाहिए। परीक्षा से जुड़े अधिकारियों और निजी एजेंसियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। किसी भी शिकायत के लिए समयबद्ध शिकायत निवारण तंत्र होना चाहिए।सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि परीक्षा संस्था को राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव से मुक्त पेशेवर वातावरण मिलना चाहिए।सरकार की जवाबदेही जितनी जरूरी है, छात्रों की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। शांतिपूर्ण आंदोलन लोकतंत्र का मजबूत हथियार है। छात्रों द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाना स्वागतयोग्य है।लेकिन आंदोलन हिंसा, तोडफ़ोड़ या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की दिशा में नहीं जाना चाहिए। किसी भी आंदोलन की नैतिक ताकत उसकी शांतिपूर्ण प्रकृति में होती है।सरकार को भी छात्रों को अपराधी या विरोधी राजनीतिक समूह के रूप में देखने से बचना चाहिए। छात्र सवाल पूछ रहे हैं तो लोकतंत्र में सवाल का जवाब देना सरकार का दायित्व है। झारखंड सरकार के सामने इस समय सबसे जरूरी काम विश्वास बहाली का है। इसके लिए कुछ स्पष्ट कदम उठाए जा सकते हैं।पहला, जांच की प्रगति सार्वजनिक रूप से बताई जाए।दूसरा, जिन परीक्षाओं पर गंभीर आरोप हैं, उनके संबंध में स्वतंत्र तकनीकी और कानूनी समीक्षा कराई जाए।तीसरा, यदि व्यापक गड़बड़ी प्रमाणित होती है तो परीक्षा रद्द करने अथवा पुनर्परीक्षा का स्पष्ट निर्णय समयबद्ध तरीके से लिया जाए।चौथा, छात्रों की शिकायतों के लिए स्वतंत्र हेल्पलाइन और पोर्टल बनाया जाए।पांचवां, परीक्षा प्रक्रिया में शामिल सभी अधिकारियों और एजेंसियों की जवाबदेही तय हो।छठा, भविष्य की परीक्षाओं के लिए ऐसी सुरक्षा व्यवस्था बनाई जाए जिसमें प्रश्नपत्र की गोपनीयता से लेकर परिणाम तक प्रत्येक चरण का डिजिटल रिकॉर्ड मौजूद हो।और सबसे महत्वपूर्ण—सरकार को छात्रों के साथ लगातार संवाद बनाए रखना चाहिए।आज का छात्र केवल नौकरी नहीं मांग रहा। वह यह भरोसा मांग रहा है कि यदि वह ईमानदारी से मेहनत करेगा तो उसके साथ न्याय होगा। यह भरोसा किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी पूंजी है।झारखंड का छात्र यदि यह विश्वास खो देता है कि परीक्षा में मेहनत का मूल्य है, तो यह पूरे समाज के लिए चिंताजनक स्थिति होगी। क्योंकि जिस व्यवस्था में योग्यता पर संदेह पैदा हो जाए, वहां प्रतिभा धीरे-धीरे व्यवस्था से बाहर जाने लगती है।आज रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में बैठे छात्रों की आवाज को इसलिए केवल धरना-प्रदर्शन की आवाज नहीं समझना चाहिए। यह उस पीढ़ी का सवाल है जो अपने भविष्य का रास्ता तलाश रही है।संकट इसलिए कि परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर प्रश्न उठे हैं।अवसर इसलिए कि इसी बहाने झारखंड अपनी भर्ती प्रणाली को देश की सबसे पारदर्शी और विश्वसनीय प्रणालियों में बदल सकता है। सरकार चाहे तो इस आंदोलन को बातचीत, जांच और सुधार के जरिए समाप्त कर सकती है। लेकिन यदि छात्रों को केवल आश्वासन देकर टालने की कोशिश हुई, तो यह आंदोलन किसी एक परीक्षा का आंदोलन नहीं रहेगा। इसलिए झारखंड सरकार को यह समझना होगा कि छात्र आंदोलन को दबाने से समस्या समाप्त नहीं होगी। समस्या का समाधान केवल सत्य, पारदर्शिता और न्याय से होगा। और जिस दिन सरकार यह संदेश देने में सफल हो जाएगी कि झारखंड में नौकरी योग्यता से मिलेगी, प्रश्नपत्र पैसे से नहीं बिकेगा और परीक्षा व्यवस्था किसी दबाव के आगे नहीं झुकेगी, उसी दिन इस आंदोलन की सबसे बड़ी मांग पूरी हो जाएगी।लेखक वरिष्ठ पत्रकार, चिंतक, राजनीतिक विचारक है।

सौरभ वार्ष्णेयBSc(Ag), LLB, PGDJMC, MJ

करुणा : सुखी और सुंदर समाज की आधारशिला।

-सुनील कुमार महला भारतीय संस्कृति अनेक सद्गुणों और जीवन-मूल्यों से समृद्ध है, लेकिन करुणा का स्थान उनमें सर्वोपरि है। वास्तव में, करुणा केवल किसी के दुःख को देखकर मन में संवेदना उत्पन्न होने का नाम नहीं है, बल्कि उस दुःख को समझकर उसे कम करने का प्रयास करना है। सच तो यह है कि जिस … Read more

गण-सुर के 54वें स्थापना दिवस पर सजी सांस्कृतिक संध्या

छह संस्थापक सदस्यों को किया गया सम्मानित, कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन शिलचर, 10 अगस्त: शिलचर तथा बराक घाटी की प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था गण-सुर के 54वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार शाम पब्लिक स्कूल रोड स्थित गोपीनाथ बैंक्वेट हॉल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी इस … Read more

कछार जिला माली समाज का वार्षिक सम्मेलन 16 अगस्त को, विभिन्न राज्यों से आएंगे प्रतिनिधि

दो मंत्रियों की मौजूदगी में होगा सम्मान समारोह, मेधावी विद्यार्थियों को भी किया जाएगा सम्मानित शिलचर, 10 अगस्त। बराक घाटी सहित देश के विभिन्न हिस्सों में बसे माली समाज को एकजुट कर मजबूत संगठनात्मक मंच तैयार करने की दिशा में कछार जिला माली समाज ने पहल तेज कर दी है। इसी उद्देश्य से आगामी 16 अगस्त को … Read more

बाबा गणिनाथ गोविंद मंदिर में वार्षिक पूजा 5 सितंबर को, भव्य जागरण व भंडारे का होगा आयोजन

मुजफ्फरपुर, 10 अगस्त। खँगुराडीह, कटरा स्थित श्री बाबा गणिनाथ गोविंद मंदिर में वार्षिक पूजा के अवसर पर दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में उत्साह है। आयोजन समिति के अनुसार, 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को बाबा गणिनाथ गोविंद जी के वार्षिक पूजा समारोह के तहत न्योतन (निमंत्रण) … Read more

डिब्रूगढ़ प्रेस क्लब की जर्नलिज़्म वर्कशॉप सक्सेसफुली खत्म हुई

डिब्रूगढ़: डिब्रूगढ़ प्रेस क्लब ने अपने गोल्डन जुबली सेलिब्रेशन के हिस्से के तौर पर जर्नलिज़्म पर एक दिन की वर्कशॉप ऑर्गनाइज़ की थी, जो सोमवार को डिब्रूगढ़ हनुमानबक्स सूरजमल कनोई कॉलेज (ऑटोनॉमस) के शंकरदेव ऑडिटोरियम में सक्सेसफुली खत्म हुई। यह वर्कशॉप डॉ. राधाकृष्णन स्कूल ऑफ़ आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस के कोलेबोरेशन से ऑर्गनाइज़ की गई … Read more

शिलचर में विश्व हिंदू परिषद की छमाही योजना बैठक संपन्न

बाढ़ की भयावह स्थिति और बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर अत्याचार पर जताई चिंता शिलचर, 10 अगस्त: विश्व हिंदू परिषद के दक्षिण-पूर्व प्रांत की दो दिवसीय छमाही योजना बैठक शिलचर के मधुबन रिसॉर्ट में संपन्न हुई। बैठक में असम में जारी भयावह बाढ़ की स्थिति और इससे हुई जनहानि पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए … Read more

इंडियन पोर्ट एसोसिएशन (IPA) ने असम में बाढ़ राहत के लिए 5 करोड़ रुपये की मदद दी

गुवाहाटी: असम में बाढ़ से प्रभावित लोगों के साथ खड़े होते हुए, इंडियन पोर्ट एसोसिएशन (IPA) ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 5 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। इंडियन पोर्ट एसोसिएशन के सीनियर अधिकारी सुशील कुमार सिंह और विकास नरवाले ने आज गुवाहाटी में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात की और यह योगदान … Read more

कछार में फर्जी स्वास्थ्य शिविर की आड़ में रेलवे नौकरी का झांसा, दो गिरफ्तारशिलचर में पुलिस की कार्रवाई; नौकरी दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों से 35 से 40 हजार रुपये लेने का आरोप

शिलचर, 10 अगस्त। कछार जिले के तारापुर में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर की आड़ में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। शिलचर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, ‘भारतीय रेलवे मालगोदाम श्रमिक संघ’ के बैनर तले … Read more

बदरपुर घाट में 13 करोड़ रुपये का मॉर्फिन जब्त, एक गिरफ्तार

श्रीभूमि-कछार पुलिस और 38 असम राइफल्स की संयुक्त कार्रवाई, बोलेरो के गुप्त कक्ष से 8.224 किलो मॉर्फिन बरामद बदरपुर, 10 अगस्त: श्रीभूमि पुलिस, कछार पुलिस और 38 असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह कछार जिले के बदरपुर घाट में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 13 करोड़ रुपये मूल्य का मॉर्फिन बरामद किया। इस मामले … Read more