फॉलो करें

इतिहास के पन्नों में 24 मईः पेरू की फुटबॉल त्रासदी, जिसे सुनकर रूह कांप जाती है

37 Views

देश-दुनिया के इतिहास में 24 मई की तारीख तमाम अच्छी-बुरी खबरों के लिए दर्ज है। यह तारीख फुटबॉल के इतिहास की सबसे भीषण त्रासदी के रूप में याद की जाती है। वो तारीख थी 24 मई 1964 और स्थान था पेरू की राजधानी लीमा का नेशनल स्टेडियम। यहां पेरू और अर्जेंटीना की फुटबॉल टीमों के बीच मैच हो रहा था। इस मैच में जीतने वाले को टोक्यो में होने वाले ओलिंपिक में खेलने का मौका मिलना था। दोनों टीमों के लिए यह करो या मरो का मुकाबला था। पेरू की टीम पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर थी और दो मैच बाकी थे। ओलिंपिक क्वालीफाई करने के लिए कम से कम पेरू को यह मैच ड्रॉ तो करवाना ही था।

स्टेडियम में करीब 50 हजार दर्शक बैठे थे। पेरू के लिए यह होम ग्राउंड था, लेकिन अर्जेंटीना ने 1-0 से मैच में शुरुआती बढ़त ले ली थी। मैच खत्म होने में करीब छह मिनट बचे थे। पेरू को किसी भी हाल में एक गोल करना ही था। पेरू के किलो लोबाटन ने गोल दागा, बॉल नेट से भी जा टकराई लेकिन मैच रेफरी ने फाउल देते हुए गोल देने से मना कर दिया। इसके बाद नाराज दर्शकों ने स्टेडियम में उत्पात मचाना शुरू कर दिया। लोग रैफरी को मारने के लिए दौड़े। पुलिस ने एक दर्शक को पकड़कर बुरी तरह पीटा, इससे गुस्सा और भड़क गया। पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। स्टेडियम में जगह-जगह आग लग गई। भीड़ के पैरों तले दबने से सैकड़ों लोगों की मौत हुई। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक 328 लोग मारे गए, लेकिन मरने वालों की असल संख्या इससे कहीं ज्यादा थी। पेरू में अगले सात दिनों के लिए राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1689ः ब्रिटिश संसद ने प्रोटेस्टेंट ईसाइयों को धार्मिक स्वतंत्रता की गारंटी प्रदान की।

1885ः सैयद अहमद खान ने अलीगढ़ में मुहम्मदीन एंग्लो ओरिएंटल स्कूल की स्थापना की। यह अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के नाम से प्रसिद्ध है।

1883ः ब्रुकलिन और मैनहट्टन को जोड़ने वाले ब्रुकलिन ब्रिज को यातायत के लिए खोला गया।

1915ः थॉमस अलवा एडिसन ने टेलीस्क्राइब का आविष्कार किया।

1931ः पहली वातानुकूलित यात्री ट्रेन अमेरिका के वाल्टमोर ओहियो मार्ग पर चलाई गई।

1959ः साम्राज्य दिवस का नाम बदलकर राष्ट्रमंडल दिवस किया गया।

1985ः बांग्लादेश में चक्रवाती तूफान से 10 हजार लोगों की मौत।

1986ः मार्गरेट थैचर इजराइल का दौरा करने वाली पहली ब्रिटिश प्रधानमंत्री बनीं।

1994ः मीना (सऊदी अरब) में हज में भगदड़ मचने से 250 से ज्यादा हाजियों की मौत हो गई।

1994ः न्यूयार्क सिटी में 1993 में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर बम हमला करने वाले चार आरोपितों में से प्रत्येक को 240 वर्ष कैद की सजा सुनाई गई।

2001ः नेपाल के 15 वर्षीय शेरपा तेंबा शेरी माउंट एवरेस्ट की चोटी को फतह करने वाले सबसे कम उम्र के पर्वतरोही बने।

2004ः उत्तर कोरिया ने मोबाइल फोन पर प्रतिबंध लगाया।

2014ः थाईलैंड की पूर्व प्रधानमंत्री थिंगलक शिनावात्रा को सैन्य तख्तापलट के बाद गिरफ्तार किया गया।

2015: कोलकाता के ईडन गार्डन स्टेडियम में आईपीएल के फाइनल मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को हराया।

2019: गुजरात के सूरत में एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से 20 स्टूडेंट्स की मौत।

जन्म

1819ः ग्रेट ब्रिटेन और आयरलैंड की महारानी महारानी विक्टोरिया।

1899ः प्रसिद्ध बांग्ला कवि काजी नजरुल इस्लाम।

1955ः हिन्दी फिल्मों के प्रसिद्ध संगीतकार राजेश रोशन।

निधन

1543ः पोलैंड के खगोलविद निकोलस कोपरनिकस।

1990ः लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष केएस हेगड़े।

1999ः महान कुश्ती प्रशिक्षक गुरु हनुमान।

महत्वपूर्ण दिवस

-राष्ट्रमंडल दिवस।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल