फॉलो करें

एक हफ्ते बाद फिर से चालू हुआ पहाड़ी रेलमार्ग, शुरू हुई दूरदराज़ की ट्रेन सेवाएं

239 Views

शिलचर/बदरपुर, 29 जून | प्रेरणा भारती संवाददाता:
लगभग एक सप्ताह के बाद लमडिंग-बदरपुर पहाड़ी रेलखंड (हिल सेक्शन) पर रेल सेवा फिर से बहाल हो गई है। उत्तर पूर्व सीमांत रेलवे (NFR) द्वारा पूर्व में जारी की गई अधिसूचना के अनुसार, रविवार सुबह से इस रूट पर ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू हुआ।

रविवार सुबह 8 बजे सबसे पहले एक लाइट इंजन को परीक्षण के रूप में चलाया गया। इसके बाद एक मालगाड़ी को चलाया गया और दोपहर 12 बजे के करीब कंचनजंघा एक्सप्रेस ने जाटिंगा-लामपुर के भूस्खलन प्रभावित इलाके को पार किया। इसके कुछ देर बाद रंगिया एक्सप्रेस भी इस सेक्शन से होकर गुज़री। इसके साथ ही एक के बाद एक कई दूरदराज़ की ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया और पहाड़ी रेल मार्ग पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो गया।

गौरतलब है कि 23 जून को हुए भारी भूस्खलन के कारण इस पहाड़ी रूट पर रेल यातायात पूरी तरह से ठप हो गया था। बीते छह दिनों से ट्रेन सेवाएं बाधित रहने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

रेल अधिकारियों के अनुसार, जाटिंगा-लामपुर के भूस्खलन प्रभावित लगभग 100 मीटर क्षेत्र में रेलगाड़ियाँ फिलहाल सीमित गति से चलेंगी। भूस्खलन हटाने और ट्रैक की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर किया गया है, जिससे जल्द ही पूरे सेक्शन पर सामान्य गति से रेल संचालन संभव हो सकेगा।

रेलवे की तत्परता और मेहनत के चलते एक महत्वपूर्ण परिवहन मार्ग पर सेवाओं की बहाली संभव हो पाई है, जिससे पूरे बराक घाटी क्षेत्र के यात्रियों ने राहत की सांस ली है।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल