गुवाहाटी, 09 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि महाभारत काल में दुर्योधन कपड़ा फाड़ने की बात करता था और आज मध्य प्रदेश में कमलनाथ दिग्विजय सिंह का कपड़ा फाड़ने की बात करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब मध्य प्रदेश में सड़क नहीं थी और मध्य प्रदेश देश का सबसे रुग्न राज्य हुआ करता था, लेकिन आज मध्य प्रदेश राज्य का सबसे विकसित राज्य है। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने राज्य में आर्थिक क्रांति शुरू की है, यही वजह है कि आज राज्य में प्रति व्यक्ति आय डेढ़ लाख रूपए है। राज्य की वार्षिक आय 13 लाख करोड़ रुपए होती है। भाजपा कार्यकाल में राज्य में 40 सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान का कार्यकाल मध्य प्रदेश की राजनीति के इतिहास में स्वर्णिम काल के रूप में हमेशा के लिए जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि झूठे वादे करके कमलनाथ 15 माह के लिए सत्ता में आए थे, लेकिन घोटालों के सिवा कुछ नहीं किया। मुख्यमंत्री आज मध्य प्रदेश में एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिस राज्य की पहचान मां नर्मदा और महाबल से होती है, उस राज्य में कपड़ा फाड़ने की राजनीति करना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि वे कामरूप प्रदेश कामाख्या की धरती से नर्मदा की धरती पर संदेश लेकर आए हैं। राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी और इसी प्रकार विकास की धारा अक्षुण्ण रहेगी।





















