चंद्रकोना (बेंगलुरु), 22 जून — कर्नाटक मैतेई एसोसिएशन के द्वितीय स्थापना दिवस के अवसर पर एक महत्वपूर्ण विचारगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष सुभाष ताकेल्लोंबम ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में असम के प्रसिद्ध मणिपुरी समाजसेवी एवं राजनेता डॉ. एम शांतिकुमार सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों द्वारा उनकी विकासोन्मुखी गतिविधियों को प्रदर्शित करने वाला एक टेबल कैलेंडर डॉ. शांतिकुमार सिंह को भेंट किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. एम शांतिकुमार सिंह ने कहा कि “असम में वर्ष 2026 का विधानसभा चुनाव मणिपुरी समुदाय के लिए एक निर्णायक अवसर है।” उन्होंने कहा कि असम में रहने वाले मणिपुरी लोग आज भी कई स्तरों पर उपेक्षित हैं। आने वाली पीढ़ियों के लिए मणिपुरी भाषा, संस्कृति, कला और पहचान को संरक्षित रखने के लिए विधानसभा में मणिपुरी समुदाय से एक प्रतिनिधि भेजा जाना आवश्यक है। इस दिशा में उन्होंने कर्नाटक समेत देश-विदेश में बसे सभी मणिपुरी समुदाय के लोगों से समर्थन की अपील की।
बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि 2026 के चुनाव में असम विधानसभा में एक मणिपुरी प्रतिनिधि को भेजने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। संस्था के उपाध्यक्ष जेम्स मीतेई, गुलो मीतेई, रूबी देवी और अमरजीत सिंह ने भी इस मुद्दे पर विचार रखते हुए वैश्विक मणिपुरी समाज से एकजुट होकर इस प्रयास में हाथ बंटाने की अपील की।
— प्रतिनिधि, प्रेरणा भारती दैनिक





















