48 Views
प्रे.स. शिलचर, 8 मार्च: केंद्रीय विद्यालय एन आई टी शिलचर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सहित सभी पुरुष कर्मचारियों ने महिला कर्मचारियों के लिए विशेष प्रबंधन के साथ अद्भुत आयोजन किया जिसमें महिला कर्मचारियों के लिए मनोरंजक खेल प्रतियोगिता, प्रेरणादायक महिलाओं की लघु कथा, उपहार, भोजन आदि शामिल थे। इसके साथ ही प्राचार्य सुनील गुप्ता द्वारा विद्यालय की सभी महिला कर्मचारियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के स्नातकोत्तर संगणक विज्ञान शिक्षक श्री प्रबोध दिनकर पल्लै द्वारा की गई, जिन्होंने पूर्वोत्तर तथा भारत की प्रसिद्ध प्रेरणादायक महिलाओं की लघु कथाओं के माध्यम से सभी महिला कर्मचारियों को प्रेरित किया।
इसके पश्चात महिला कर्मचारियों को अपने विचार साझा करने का अवसर दिया गया। इस क्रम में विद्यालय की प्रशिक्षित स्नातक शिक्षिका(हिंदी) श्रीमती सीमा भारती, श्रीमती अदिति त्रिपाठी एवं सुश्री मरियम जुबेरी आदि ने अपने प्रेरणादायक वक्तव्यों से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम को और मनोरंजक और आनंदमई बनाने के लिए महिला कर्मचारियों के लिए मनोरंजन खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें श्रीमती मंजू रानी, स्नातकोत्तर शिक्षिका (रसायन विज्ञान) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिसके लिए उन्हें प्राचार्य द्वारा पुरस्कार प्रदान किया गया इसके पश्चात विद्यालय के संगीत शिक्षक सुजिष्णु साहा ने अपनी मधुर वाणी के गीतों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अंत में प्राचार्य महोदय ने अपने प्रेरणादायक वक्तव्य से सभी महिला कर्मचारियों के योगदान की सराहना की और उन्हें प्रेरित किया कि वह महिला छात्राओं को अपने जीवन में निरंतर प्रगति के लिए प्रोत्साहित करती रहें। जिससे हमारे समाज में ज्यादा से ज्यादा समानता स्थापित हो पाए।
यह आयोजन विद्यालय में महिला सशक्तिकरण और सम्मान की भावना को बढ़ावा देने का एक सराहनीय प्रयास रहा।