44 Views
कारसेवक पुरम में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या धाम के प्रमुख संतों, गणमान्यजनों के साथ जलपान किया। इस अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चम्पत राय ने मन्दिर निर्माण और व्यवस्था से जुड़ी अनेक जानकारी सभी से साझा की।
गोरक्ष पीठाधीश्वर मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या के दीपोत्सव ने सम्पूर्ण संसार में प्रकाश फैलाया है। उन्होंने राष्ट्र और समाज तोड़क तत्वों से सभी को सचेत किया और सावधान रहने की आवश्यकता बताई। गोरक्ष पीठाधीश्वर ने यह भी कहा कि अभाव के कारण किसी घर में दीपक न जले, ऐसा न होने पाए, यह हम सभी का दायित्व है। आधा घंटे के अपनी उपस्थिति में मुख्यमंत्री ने सभी के साथ जलपान किया और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। कई वर्षो से कारसेवक पुरम में दीपोत्सव की अगली प्रभात बेला में यानि दीवाली के दिन दीपोत्सव मिलन में मुख्यमंत्री अयोध्या के साधु संतों और गणमान्य लोगों के साथ कुछ समय व्यतीत करते हैं। मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले की समयावधि में ट्रस्ट महामंत्री चम्पत राय ने मन्दिर निर्माण और व्यवस्थाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वैदिक ग्रन्थों में वर्णित विष्णु पंचायतन को ध्यान में रखकर परिसर के अन्य मन्दिरों की दिशाएं, दूरी और कोण तय किए गए हैं। व्यापक शोध के उपरांत इन मन्दिरों के स्थान आदि तय किए गए हैं। विष्णु अवतार श्रीराम विग्रह के ईशान कोण में शंकर भगवान, अग्नि कोण पर गणेश जी,नैऋत्य में सूर्य, वायव्य में मां भगवती प्रतिष्ठित हैं। इसके अतिरिक्त श्रीराम मन्दिर के चारों ओर दीवाल पर रामकथा के 87 प्रसंग पत्थर पर उत्कीर्ण किए गए हैं। इसी तरह धातु पर बनाए गए भारत दर्शन के 80 प्रसंग दीवालों पर लगाए गए हैं। ट्रस्ट महामंत्री ने अन्य व्यवस्थाओं के साथ यह भी बताया कि मन्दिर परिसर में इतने प्रसाधन(टायलेट) निर्मित हैं कि तीन सौ श्रद्धालु एक साथ उपयोग कर सकते हैं। ऐसे ही अन्य सुविधाएं भी हैं।
संघ प्रचारक और मन्दिर आंदोलन में प्रारम्भ से महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुरुषोत्तम नारायण सिंह व मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मुख्यमंत्री के साथ मंच साझा किया। जनप्रतिनिधियों में नगर विधायक वेद गुप्ता, रुदौली से रामचन्द्र यादव, मिल्कीपुर से चन्द्भभानु पासवान, भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह बल्ले जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह सहकारी बैंक के अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह टिल्लू, पूर्व सांसद लल्लू सिंह समेत अनेक प्रतिष्ठित लोग कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।





















