बराक घाटी में सम्पन्न हुई मां चामुंडा देवी की पूजा
शिलचर— बराक घाटी में श्रद्धा और आस्था के माहौल में मां चामुंडा देवी की पूजा संपन्न हुई। गुरुवार को कछार जिले के धलाई विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आयरंगमारा के दुर्गाटिल्ला के निकट रिंटू साहा के निवास पर यह पूजा विधिवत आयोजित की गई।
जानकारी के अनुसार, यह पूजा बुधवार की देर रात से आरंभ होकर गुरुवार सुबह संपन्न हुई। पूर्ण तांत्रिक विधि से सम्पन्न इस पूजन कार्यक्रम का नेतृत्व तांत्रिक रिंटू साहा और उनके 15 वर्षीय भतीजे रितमप्रभा साहा ने किया। रितमप्रभा साहा विवेकानंद केंद्र विद्यालय में दसवीं कक्षा के छात्र हैं और उन्होंने कम उम्र में ही तांत्रिक दीक्षा प्राप्त की है। उनके द्वारा मां चामुंडा देवी की आराधना देखने के लिए बड़ी संख्या में भक्त एकत्र हुए, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति और आध्यात्मिकता की छटा फैल गई।
मां चामुंडा देवी को देवी दुर्गा का एक उग्र और शक्तिशाली रूप माना जाता है। पौराणिक कथा के अनुसार, चंड और मुण्ड नामक दो दैत्यों का संहार करने के बाद देवी को “चामुंडा” नाम से विख्याति मिली। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में स्थित चामुंडा देवी मंदिर इस देवी का सबसे प्रसिद्ध तीर्थस्थल माना जाता है।
धार्मिक मान्यता है कि मां चामुंडा देवी की पूजा करने से व्यक्ति आर्थिक संकट, शत्रुता और पारिवारिक कलह जैसी कठिनाइयों से मुक्ति प्राप्त करता है। रिंटू साहा के निवास पर सम्पन्न इस तांत्रिक पूजा में उपस्थित श्रद्धालुओं ने देवी से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।





















