कछार जिले के बुरुंगा में निर्माणाधीन स्टार सीमेंट ग्राइंडिंग प्लांट में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हुआ। निर्माण कार्य के दौरान एक भारी क्रेन अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ी, जिससे दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल मजदूरों की पहचान चंचल चंद्रा और आसार उद्दीन के रूप में हुई है। दोनों को तुरंत शिलचर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत नाज़ुक बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों में भारी रोष फैल गया। आक्रोशित मजदूरों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना घटी है। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के उचित इंतज़ाम नहीं किए गए थे।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कछार के एडिशनल एसपी, काठीघोड़ा सर्कल मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रशासन ने मजदूरों को शांत करने और हालात सामान्य करने का प्रयास किया।

इधर, फैक्ट्री प्रबंधन ने घायल मजदूरों के इलाज की जिम्मेदारी लेने और मुआवज़े पर चर्चा शुरू करने की बात कही है। साथ ही, दुर्घटना की आंतरिक जांच तत्काल शुरू कर दी गई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हादसे के बाद निर्माण कार्य अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा मानकों और फैक्ट्री प्रबंधन की जिम्मेदारी को लेकर व्यापक चिंता और चर्चा को जन्म दिया है।





















