फॉलो करें

भाजपा ने बराक घाटी में पंचायत चुनाव जीतने के लिए झोंकी पूरी ताकत, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने किया विजय संकल्प समावेश को संबोधित

146 Views

बड़खोला, 26 अप्रैल।
पंचायत चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बराक घाटी में प्रचार अभियान को पूरी ताकत के साथ तेज कर दिया है। राज्य के मंत्री कौशिक राय और कृष्णेंदु पाल सहित पार्टी के सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेता चुनावी मैदान में डटे हुए हैं। जिला परिषद और आंचलिक पंचायत के उम्मीदवारों के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर रहे हैं।

इसी क्रम में शुक्रवार को उधारबंद निर्वाचन क्षेत्र के हातिछड़ा चाय बगान खेल मैदान में ‘भाजपा विजय संकल्प समावेश’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ मंत्री कौशिक राय, शिलचर विधायक दीपायन चक्रवर्ती, उधारबंद विधायक मिहिर कांति सोम, जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा समेत अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने बराक घाटी के तीन जिलों में आयोजित बड़ी चुनावी सभाओं को संबोधित किया। हेलीकॉप्टर से यात्रा करते हुए वे तीनों जिलों में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में पहुंचे। हातिछड़ा में आयोजित सभा में शाम 4 बजे मुख्यमंत्री का आगमन हुआ।

सभा को संबोधित करते हुए डॉ. शर्मा ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की और कहा, “हमें आतंकवादी गुटों और उनके संरक्षकों को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मजबूती से साथ देना होगा। असम में छिपे हुए पाकिस्तानी समर्थकों को भी चुन-चुन कर बाहर निकाला जाएगा। भारत सभी धर्मों के लोगों की मां है, और हमें एकजुट होकर देश विरोधी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देना है।”

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “कांग्रेस शासनकाल में चुनाव के समय लुंगी, मच्छरदानी और कंबल के बल पर वोट मांगे जाते थे। आज भाजपा विकास के दम पर जनता का विश्वास जीत रही है। पहले बाढ़ के समय मंत्री और मुख्यमंत्री बराक घाटी का रुख तक नहीं करते थे, आज हर आपदा में सरकार जनता के साथ खड़ी है।”

मुख्यमंत्री ने बराक और ब्रह्मपुत्र घाटी के विकास कार्यों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क निर्माण समेत सभी क्षेत्रों में अब दोनों घाटियों में समान रूप से कार्य हो रहा है। साथ ही उन्होंने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की घोषणा की, जिसमें विधानसभा चुनाव से पहले सिलचर-गुवाहाटी सौराष्ट्र महामार्ग का निर्माण कार्य पूरा करने और भविष्य में गुवाहाटी से सिलचर के बीच एक्सप्रेस हाईवे के निर्माण का वादा किया। मुख्यमंत्री ने जल्द ही सिलचर में फ्लाइओवर निर्माण कार्य शुरू होने और एक नए हवाई अड्डे के निर्माण का भी आश्वासन दिया।

भाजपा की इस चुनावी रैली में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया और पार्टी के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल