गोलाघाट (असम), 23 दिसंबर (हि.स.)। मणिपुर पुलिस के लिए वर्ष 2019 में भर्ती किए गए 1946 जवानों काे असम के देरगांव स्थित लाचित बरफूकन पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण दिया गया। साेमवार काे यहां पुलिस अकादमी में मणिपुर पुलिस के 1946 कैडेटों का पासिंग आउट परेड हुई और उन्हें कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। इस पासिंगआउट परेड में असम और मणिपुर के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह, असम सरकार के मंत्री अतुल बोरा, सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, असम पुलिस के स्पेशल डीजी भ्रमित सिंह, असम पुलिस के अधिकारी, केंद्रीय अर्धसैनिक बल के अधिकारी और सेना के अधिकारी उपस्थित रहे। कैडेटाें के शपथ के बाद जवानों ने मार्शल आर्ट और बाइक राइडिंग की आकर्षक प्रस्तुति दी। उल्लेखनीय है कि हिंसा से प्रभावित मणिपुर में वर्ष 2019 में पुलिस में 1946 जवानों की भर्ती की गई थी, लेकिन इनका प्रशिक्षण नहीं हाे पा रहा था। बाद में मणिपुर पुलिस के इन कैडेटाें काे असम के देरगांव में स्थित लाचित बरफूकन पुलिस अकादमी में लाकर इस वर्ष प्रशिक्षित किया गया। यह 1946 जवान अब 44 सप्ताह का कठिन प्रशिक्षण पूरा कर मणिपुर पुलिस का हिस्सा बन गए हैं।




















