विशेष प्रतिनिधि, उधारबंद, 18 जून:
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के सफल 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को उधारबंद ब्लॉक प्रेक्षागृह में ‘सेवा, सुशासन और विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के अंतर्गत एक विशेष सभा का आयोजन किया गया। इस सभा की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष उमाशंकर भट्टाचार्य ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें मंडल अध्यक्ष उमाशंकर भट्टाचार्य, पूर्व मंडल अध्यक्ष नवरुण चक्रवर्ती, स्थानीय विधायक मिहिर कांति सोम, शिलचर विकास परिषद के चेयरमैन मंजुल देव, शिक्षाविद सोमनाथ देव, श्री श्री कांचा कांति सेवा समिति के महासचिव अंशुमान दत्ता और कार्यक्रम के संयोजक निर्मल कुमार राय ने भाग लिया।
इसके बाद भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। अतिथियों का सम्मान उत्तरीय पहनाकर किया गया और उन्हें भगवान श्रीराम की प्रतिमूर्ति भेंट स्वरूप प्रदान की गई।
सभा में ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की ओर सभी को एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प दिलाया गया। मंडल अध्यक्ष उमाशंकर भट्टाचार्य ने अपने स्वागत भाषण में केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों को इस मिशन में सहभागी बनने का आह्वान किया।
पूर्व मंडल अध्यक्ष नवरुण चक्रवर्ती ने अपने भाषण में कहा कि मोदी सरकार ने ‘संकल्प से सिद्धि’ की दिशा में जो कदम उठाए हैं, वह ऐतिहासिक हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार धारा 370 हटाने और राम मंदिर निर्माण को असंभव बताती थी, लेकिन मोदी सरकार ने इन दोनों ऐतिहासिक कार्यों को सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
श्री श्री कांचा कांति सेवा समिति के महासचिव अंशुमान दत्ता ने सरकार की आर्थिक नीतियों पर प्रकाश डाला, वहीं शिक्षाविद सोमनाथ देव ने विदेश नीति, संचार व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा पर विचार रखते हुए बताया कि किस तरह भारतीय सेना ने हाल ही में पाकिस्तान के जिहादी ठिकानों को ध्वस्त किया। उन्होंने कहा कि अपराधियों को क्षमा करना राष्ट्रहित में नहीं है।
मुख्य वक्ता के रूप में शिलचर विकास परिषद के चेयरमैन मंजुल देव ने अपने सुस्पष्ट और तथ्यपरक वक्तव्य में भारत की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक प्रगति का विस्तृत चित्र प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि 1947 में स्वतंत्रता प्राप्ति के समय सरकार ने कोई ठोस संकल्प नहीं लिया, जिसके चलते देश की समग्र प्रगति बाधित हुई। लेकिन 2014 में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने एक स्पष्ट संकल्प के साथ प्रगति का मार्ग अपनाया।
विधायक मिहिर कांति सोम ने अपने वक्तव्य में राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न विकास परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। सभा में मंडल प्रभारी अधिवक्ता सुष्मिता पुरकायस्थ और सह-संयोजिका सुनंदा कुर्मी ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। संचालन मंडल के महासचिव स्वरूप दत्ता ने किया।
इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि ‘विकसित भारत 2047’ का सपना जनभागीदारी और सशक्त नेतृत्व से ही साकार हो सकता है।




















