गुवाहाटी, 02 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि कांग्रेस ने एक बार फिर से हमारे जवानों पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने देश के लिए शहादत दी और कांग्रेस के नेता कहते हैं कि जवानों की तलाशी ली जाये। मुख्यमंत्री ने ये बातें आज छत्तीसगढ के मानपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम कभी भी यह नहीं कहते हैं कि सोनिया गांधी का बैग चेक किया जाना चाहिए या राहुल गांधी का बैग चेक किया जाना चाहिए। देश के लिए अपनी जान हथेली पर लेकर तत्पर रहने वाले गरीबों के संतान सीआरपीएफ जवानों को इस प्रकार से कांग्रेस द्वारा अपमान किया जाना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के लिए अपनी जान देने वाले सीआरपीएफ के जवान हमारे गरीब घर के बच्चे ही हैं। कोई टाटा, बिरला या अंबानी – के बच्चे सीआरपीएफ की नौकरी नहीं करते हैं।
वहीं, छत्तीसगढ़ के अम्बागढ़ चौकी में एक अन्य चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ सरमा ने कहा कि शराब की “होम डिलीवरी”- छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार की विशेष योजना है। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा कांग्रेस पार्टी के नेताओं पर अन्य कई आरोप लगाए।





















