जगन्नाथ सिंह कॉलेज, उधारबंद की छात्रा ने मेहनत और समर्पण से हासिल की शानदार सफलता
शिलचर, 12 नवम्बर 2025 — असम विश्वविद्यालय के अंतर्गत जगन्नाथ सिंह कॉलेज, उधारबंद की छात्रा सुष्मिता मिश्र ने बी.ए. (हिंदी ऑनर्स) परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम रैंक तथा स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। उन्होंने CGPA 8.02 (Letter Grade A+) के साथ यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
सुष्मिता की इस सफलता ने न केवल जगन्नाथ सिंह कॉलेज बल्कि पूरे उधारबंद क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपनी मेहनत, माता-पिता के आशीर्वाद और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
सुष्मिता मिश्र, घुंघुरबंद (उधारबंद), कछार, असम की निवासी हैं। उनके दादाजी श्री सूर्य प्रसाद मिश्र, दादी स्व. श्रीमती सरस्वती मिश्र, पिता श्री राम प्रवेश मिश्र और माता श्रीमती मीरा मिश्र सहित संपूर्ण मिश्र परिवार इस सफलता से अत्यंत हर्षित है।
सुष्मिता ने कहा कि उनके इस सफर में कॉलेज के हिंदी विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार चतुर्वेदी और सहायक प्राध्यापक डॉ. दिलीप कुमार ठाकुर के निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन ने उन्हें प्रेरित किया।
मिश्र परिवार ने दोनों शिक्षकों के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके परिश्रम और प्रोत्साहन से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी है।





















