फॉलो करें

बराक में बाढ़ पीड़ितों से मिलने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व शर्मा पर किया तीखा हमला

104 Views


रानू दत्त, शिलचर, 4 जून:

असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के नवनियुक्त अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व शर्मा और सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। पदभार ग्रहण के बाद अपने पहले दो दिवसीय बराक घाटी दौरे पर बुधवार को शिलचर पहुंचे गोगोई का कुम्भीरग्राम हवाई अड्डे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

शिलचर पहुंचने के बाद शहर भर में फूल-मालाओं और पारंपरिक उत्तरीय से उनका अभिनंदन किया गया। कार रैली के माध्यम से उन्हें शिलचर के आवर्त भवन लाया गया, जहां जिले के कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद गोगोई ने जिले के विभिन्न राहत शिविरों का दौरा कर बाढ़ पीड़ितों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को नजदीक से जाना। उन्होंने राहत सामग्री भी वितरित की।

मीडिया से बात करते हुए गोगोई ने मुख्यमंत्री और भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि “जब जनता संकट में है, तब मुख्यमंत्री और उनके मंत्री मदद करने के बजाय कांग्रेस पर निशाना साधने में व्यस्त हैं। राज्य को शांति से अशांति की ओर धकेलने का प्रयास किया जा रहा है।”

राज्य सरकार द्वारा आम नागरिकों को हथियार देने के फैसले की कड़ी आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि, “सरकारी लाइसेंस पर बंदूक मिलने से समाज में अपराध और हिंसा बढ़ेगी। कुछ लोग निजी दुश्मनी निकालने के लिए इन हथियारों का दुरुपयोग करेंगे, जिससे राज्य में अराजकता की स्थिति बन सकती है।”

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि, “पिछले छह महीनों से भाजपा नेता और खुद मुख्यमंत्री मुझे पाकिस्तान से जोड़ने की साजिश कर रहे थे। शायद यही वजह रही कि कांग्रेस ने मुझ पर विश्वास जताया और मुझे प्रदेश अध्यक्ष जैसा जिम्मेदारीपूर्ण पद सौंपा। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री को धन्यवाद देता हूं।”

अंत में गौरव गोगोई ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ संकट से निपटने में पूरी तरह विफल रही है। शिलचर दौरे के पहले ही दिन उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व शर्मा और भाजपा सरकार को घेरते हुए यह स्पष्ट कर दिया कि कांग्रेस जनता की समस्याओं को लेकर मैदान में उतर चुकी है।

  • गौरव गोगोई का बराक दौरा: मुख्यमंत्री पर जमकर साधा निशाना
  • बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे गोगोई, बोले- “असम में अराजकता फैला रही है सरकार”
  • कांग्रेस अध्यक्ष का हमला – “राज्य को बंदूक की राजनीति में झोंक रही है भाजपा”

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल