76 Views
कोलकाता: शब्दाक्षर के राष्ट्रीय संरक्षक डॉ.बुद्धिनाथ मिश्र के कोलकाता आगमन पर शब्दाक्षर मुख्यालय द्वारा काव्य सम्मान का आत्मीय आयोजन किया गया। 33 शेक्सपियर सारणी कोलकाता में विगत दिवस आयोजित इस सारस्वत कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व द वेक पत्रिका की सम्पादक शकुन त्रिवेदी ने की। मंच पर मुख्य अतिथि पद पर शब्दाक्षर के राष्ट्रीय परामर्शदाता, ताजा टी.वी. के निदेशक तथा छपते छपते समाचार पत्र के प्रधान संपादक बिश्वम्भर नेवर व विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षाविद राम पुकार सिंह ‘पुकार गाज़ीपुरी’ और पूर्व राजभाषा अधिकारी भारतीय रेलवे एवं शब्दाक्षर प्रदेश अध्यक्ष पश्चिम बंगाल सुधा मिश्रा द्विवेदी की गौरवमयी उपस्थिति थी। काव्य-अनुष्ठान का कुशल संचालन शब्दाक्षर के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रताप सिंह ने किया। सर्व प्रथम उत्सव मूर्ति डॉ.बुद्धिनाथ मिश्र को मंचासीन साहित्यिक विभूतियों द्वारा पुष्प गुच्छ प्रदान कर, शॉल आच्छादन कर, अंग वस्त्र से विभूषित करके, पुनीत लेखनी प्रदान की गई। वरिष्ठ कवित्री हिमाद्री मिश्रा के द्वारा प्रस्तुत सुमधुर सरस्वती वंदना से काव्य-सम्मान सभा का शुभारम्भ हुआ। माँ वीणा वादिनी की आराधना के बाद शब्दाक्षर के परामर्शदाता मंडल में शामिल बड़ाबाजार लाइब्रेरी कोलकाता के महामंत्री अशोक गुप्ता व मुख्य अतिथि बिश्वम्भर नेवर ने स्वागत वक्तव्य क्रम में उत्सव मूर्ति डॉ.बुद्धिनाथ मिश्र की साहित्यिक उपलब्धियों से उपस्थित श्रोता समूह को परिचित करवाया साथ ही डॉ. मिश्र द्वारा शब्दाक्षर को दिए जा मार्गदर्शन हेतु आभार जताया। काव्य पाठ द्वारा साहित्य की सरिता प्रवाहित करने वाले शब्दाक्षर पदाधिकारी रचनाकारों में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शकुन त्रिवेदी, प्रदेश अध्यक्ष पश्चिम बंगाल सुधा मिश्रा द्विवेदी, प्रदेश संगठन मंत्री पश्चिम बंगाल अवधेश मिश्रा, दक्षिण कोलकाता जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार धानुक, हावड़ा जिला उपाध्यक्ष व मैट्रो रेलवे के पूर्व कार्मिक रंजीत कुमार सिन्हा, दक्षिण कोलकाता जिला उपाध्यक्ष राम नारायण झा देहाती, दक्षिण कोलकाता जिला संगठन मंत्री अनुज कुमार, शब्दाक्षर मुख्यालय कार्यालय प्रभारी गौरव केशरी व शिक्षाविद विशिष्ट अतिथि कवि रामपुकार सिंह ‘पुकार गाजीपुरी’ शामिल थे। अंत में उत्सव मूर्ति डॉ.बुद्धिनाथ मिश्र ने अपने मुक्तक और लोकप्रिय गीतों से सभा को मंत्रमुग्ध कर दिया। काव्य सम्मान सभा में साहित्यिक संस्था ‘रचनाकार’ के संस्थापक सुरेश चौधरी की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शकुन त्रिवेदी के धन्यवाद ज्ञापन से काव्य सम्मान सभा का समापन हुआ।





















