बलिया। गड़वार कस्बा क्षेत्र के नारायनपाली गांव निवासी 98 वर्षीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राम विचार पाण्डेय का बुधवार की भोर में बलिया शहर के निराला नगर स्थित आवास पर निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई।
स्व. राम विचार पाण्डेय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान गोवा मुक्ति आंदोलन में शामिल हुए थे। यह आंदोलन डॉ. राममनोहर लोहिया के आह्वान पर चलाया गया था। आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के कारण उन्हें 24 घंटे की कारावास सजा के साथ 15 बेंतों की सजा दी गई थी।
स्वतंत्रता संग्राम के बाद वे शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े और कौशल कुमार इंटर कॉलेज, नारायणगढ़ में अध्यापक एवं बाद में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत रहे। वे अपने सरल, सौम्य और कर्मठ व्यक्तित्व के लिए क्षेत्र में अत्यंत लोकप्रिय थे।
उनके निधन की सूचना मिलते ही जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों की भीड़ उनके नारायनपाली स्थित पैतृक आवास पर उमड़ पड़ी। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में सांसद सनातन पाण्डेय, पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी, वरिष्ठ नेता अंबिका चौधरी, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ओमवीर सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक और अधिकारी उपस्थित रहे।
स्व. पाण्डेय के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ श्रीरामपुर घाट पर किया गया। उनके पुत्र अखिलेश पाण्डेय ने मुखाग्नि दी।
इस अवसर पर सीओ सदर मो. उस्मान, एसडीएम सदर, तहसीलदार, प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अनिल यादव, सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष रजनीश यादव, सचितानंद सिंह, भानू दुबे, मुकुल दुबे, टुनटुन उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
जनपद ने एक सच्चे स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षक और समाजसेवी को खो दिया है। उनके आदर्श और योगदान सदैव स्मरणीय रहेंगे।





















