गुवाहाटी, 01 दिसंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि यदि कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा तैयार हों तो असम विधानसभा में बिल लाकर गोमांस पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा देंगे।
मुख्यमंत्री रविवार को मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भबेश कलिता भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सांसद रकीबुल हुसैन के उन आरोपों को हास्यास्पद बताया, जिसमें उन्होंने सामगगुरी चुनाव में भाजपा पर मतदाताओं को गो-मांस खिलाकर वोट लेने की बात कही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रकीबुल हुसैन ने आखिरकार माना कि गोमांस खाना खराब है। यदि रकीबुल हुसैन और कांग्रेस अध्यक्ष तैयार हों तो गोमांस पर असम में पूरी तरह प्रतिबंध लगा देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस सामगुरी सीट से रकीबुल हुसैन 25 वर्षों तक विधायक रहे हैं, उस सीट पर आज पुत्र के पराजित होने के कारण वह कुछ भी बोल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामगुरी जैसी सीट पर भाजपा उम्मीदवार का 27 हजार वोटों से जीतना कांग्रेस की बड़ी हार है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा की जितनी बड़ी जीत है उससे भी बड़ी हार कांग्रेस के लिए है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कांग्रेस पर जमकर कटाक्ष किया।




















