गौरव गोगोई ने साधा निशाना: “पीछे से वार करने में माहिर हैं मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व शर्मा”
दुमदुमा, प्रेरणा भारती, 19 अप्रैल: तिनसुकिया जिले के दौरे के क्रम में कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने शुक्रवार को दुमदुमा विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं और पंचायत चुनाव के उम्मीदवारों से मुलाकात की। गोगोई के दौरे से कांग्रेस के स्थानीय प्रत्याशियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
दोपहर एक बजे रुपाई साइडिंग स्थित सौरभ कला कृष्टी केंद्र में आयोजित सभा में गोगोई ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “भारतीय जनता पार्टी भय, धमकी और पुलिस बल के सहारे लोकतंत्र का गला घोंट रही है। कांग्रेस उम्मीदवारों को डराने की साजिश की जा रही है, लेकिन हम झुकने वाले नहीं हैं।”
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व शर्मा पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि “मुख्यमंत्री खुले मंच से नहीं, बल्कि पीछे से वार करने में ज्यादा माहिर हैं।”
गोगोई ने दावा किया कि राज्य में जो विकास हुआ है, वह केवल दिसपुर में रह रहे एक विशेष परिवार तक सीमित है। उन्होंने असम के चाय बागान श्रमिकों के न्यूनतम वेतन और छह जनजातियों को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने में हो रही देरी को लेकर भी सरकार की आलोचना की।
संसद भवन से गांधी मूर्ति के स्थानांतरण पर गहरी नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि “महात्मा गांधी के विचार और उनकी प्रतिमाएं देश की आत्मा का प्रतीक हैं। दुमदुमा में गांधी प्रतिमा को हटाना और क्लॉक टावर बनाना उनकी मर्यादा के विरुद्ध है। प्रतिमाओं का स्थान सिर्फ वास्तु नहीं, विचारों का प्रतीक होना चाहिए।”
गोगोई ने कहा कि आज असम में भाजपा के खिलाफ एकमात्र विकल्प कांग्रेस है। उन्होंने आरोप लगाया कि “प्रदेश में मीडिया और आम जनता पर दमनकारी नीतियां लागू की जा रही हैं। अगर कोई व्यक्ति या पत्रकार सवाल उठाता है, तो उसके खिलाफ पुलिस भेज दी जाती है। योजनाओं से नाम हटाने की धमकी दी जा रही है। यह लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है।”
उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि “वर्तमान माहौल में उनकी स्थिति और भूमिका असम के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है।”
गौरव गोगोई के इस दौरे में कांग्रेस के पूर्व विधायक दुर्गा भूमीज, दिलीप मोरान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष जयंत कलिता, मीडिया सेल से हरिंद्र सिंह, जिला सचिव प्रेम उपाध्याय, सुरेश भूमीज सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभा के समापन के बाद गोगोई बुढ़ीडिंग मौजा पंचायत क्षेत्र की ओर रवाना हो गए, जहां वे आगामी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।




















