फॉलो करें

भ्रष्टाचार की प्रतीक रही कांग्रेस, भाजपा को पंचायत चुनाव में मिलेगा अभूतपूर्व समर्थन: दिलीप शैकिया

160 Views

प्रे.स. शिलचर, 21 अप्रैल: असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप शैकिया ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस का शासन सत्ता का विकेंद्रीकरण नहीं, बल्कि सत्ता का भ्रष्टाचार था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की आड़ में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ, जबकि भाजपा ने पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पंचायतों को सशक्त किया है।

सोमवार को सिलचर के इटखला रोड स्थित भाजपा जिला मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने दावा किया कि भाजपा गठबंधन राज्य में पंचायत चुनाव से पहले ही कई सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल कर चुका है। उन्होंने कहा कि “भाजपा का हर चुनाव फाइनल होता है, जबकि कांग्रेस के पास अब कोई विकल्प नहीं बचा है। हम ग्राम पंचायतों को भ्रष्टाचार मुक्त बनाकर कांग्रेस मुक्त पंचायतों की दिशा में बढ़ रहे हैं।”

शैकिया ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में गांवों का समग्र विकास हो रहा है और अगर गांव नहीं बदलेंगे, तो देश का विकास भी अधूरा रहेगा। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने रायजेक जैसे पिछड़े क्षेत्रों को बार-बार धोखा दिया और इंदिरा आवास योजना जैसे कार्यक्रमों में जमकर घोटाले किए।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में 20 लाख से अधिक गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है, जबकि कांग्रेस के समय यह सिर्फ पैसों का लेनदेन था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस आज भी चुनाव टिकटों की बिक्री में लिप्त है, जिससे उसके कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष है।

निर्विरोध जीत का दावा, भाजपा का बढ़ता जनाधार

भाजपा नेता ने जानकारी दी कि बराक घाटी, श्रीभूमि और हैलाकांडी जैसे क्षेत्रों में भाजपा समर्थित जिला परिषद उम्मीदवार निर्विरोध विजयी हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य की सभी 49 जिला परिषदों पर भाजपा गठबंधन का कब्जा होगा। तेनेद्रा क्षेत्रीय पंचायत में भाजपा ने 259 सीटें और मित्रदलों ने 29 सीटें जीती हैं। जिला परिषद की 35 सीटों पर भाजपा उम्मीदवार और मित्र दल की 2 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध विजयी हुए हैं।

“सबका साथ, सबका विकास” की नीति पर कायम भाजपा

वक्फ संशोधन अधिनियम पर पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए शैकिया ने कहा कि भाजपा की नीति “सबका साथ, सबका विकास” पर आधारित है। उन्होंने कहा कि भारत में मुसलमान पूरी तरह सुरक्षित हैं, जबकि पाकिस्तान में हालात विपरीत हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा शर्मा के नेतृत्व में बराक घाटी के विकास के लिए ‘न्यू कोइ’ में बराक घाटी विकास विभाग की स्थापना की गई है और प्रशासनिक सेवाओं में पारदर्शिता लाई जा रही है।

इस अवसर पर मंत्री कौशिक रॉय, पूर्व सांसद डॉ. राजदीप रॉय, भाजपा जिला अध्यक्ष रूपम साहा और प्रदेश सचिव कोनाड पुरकायस्थ भी उपस्थित थे। जिला अध्यक्ष रूपम साहा ने कांग्रेस शासित जिला परिषदों को भ्रष्टाचार का प्रतीक बताया और कहा कि भाजपा का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में सुशासन और विकास को प्राथमिकता देना है।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल