फॉलो करें

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वशर्मा ने हाथीछोड़ा से फूंका चुनावी बिगुल, बराक घाटी के सर्वांगीण विकास का संकल्प

216 Views
शिव कुमार शिलचर, 27 अप्रैल: आगामी पंचायत चुनाव को लेकर 26 अप्रैल को हाथीछोड़ा चाय बागान के विशाल मैदान में भारतीय जनता पार्टी ने “विजय संकल्प समावेश” का भव्य आयोजन किया। इस ऐतिहासिक जनसभा में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व शर्मा ने हजारों कार्यकर्ताओं और आम जनता को संबोधित करते हुए विकास के वादों के साथ कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और बराक घाटी के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ काछार जिला भाजपा के सभापति रूपम साहा के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अब चुनाव प्रचार के बचे हुए चार दिनों का भरपूर उपयोग कर हर घर तक भाजपा की उपलब्धियाँ पहुँचाई जाएं। रूपम साहा ने जनता को याद दिलाया कि छह-सात साल पहले बराक घाटी में गांवों तक पहुँचना भी कठिन था, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वशर्मा के नेतृत्व में गांव-गांव तक सड़कें, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुँच चुकी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा काछार जिले की 34 जिला परिषद सीटों में से 23 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और 2 सीटों पर पहले ही भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध विजयी हो चुके हैं।हमारा लक्ष्य है ग्राम पंचायत से लेकर जिला परिषद तक भाजपा का परचम फहराना।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वशर्मा ने सभा में अपने जोशीले भाषण से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर दी। उन्होंने कहा: हमने बड़े उत्साह और उमंग से पंचायत चुनाव की शुरुआत की थी। हमारा सपना था कि जीतकर लोग गांव और इलाके का विकास करें। आज जो विशाल जनसमूह यहां उपस्थित है, उसे देखकर स्पष्ट है कि काछार जिले में भाजपा और एजीपी का परचम लहराएगा और जनता मोदी जी के नेतृत्व पर पूरा विश्वास रखती है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर करारा हमला करते हुए कहा: कांग्रेस ने बराक घाटी को सिर्फ लूंगी, सूता, घंटी और कंबल की राजनीति दी। लेकिन हमने सपना देखा और उसे पूरा किया। आज बराक घाटी में नेशनल हाईवे का जाल बिछ रहा है, मेडिकल कॉलेज बन रहा है, नया एयरपोर्ट स्वीकृति की ओर बढ़ रहा है, फ्लाईओवर के लिए टेंडर निकाला जा चुका है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि उन्होंने मधुरा घाट में ब्रिज के लिए 90 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं और बराक नदी पर ब्रिज निर्माण का काम भी जल्द शुरू होगा।
उनका सपना है कि गुवाहाटी से बराक घाटी महज 5 घंटे में पहुँचा जा सके। मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणाएँ कीं: बराक और ब्रह्मपुत्र दोनों घाटियों में बिना भेदभाव के विकास हो रहा है। असम आज देश का सबसे शांतिपूर्ण राज्य बन चुका है। अब फ्री में कॉलेजों में दाखिला राशन कार्ड से ही मिलेगा, अलग सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं। गरीबों को ₹5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। अरुणोदय योजना का लाभ हर गरीब तक पहुँचाया जाएगा। मैट्रिक पास छात्रों को ₹300 और डिग्री पास युवाओं को ₹2500 मासिक सहायता दी जाएगी।
काछार जिले के ग्रामीणों को जून महीने में ₹10,000 की सहायता राशि का चेक प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रवाद और देशभक्ति पर मुख्यमंत्री का सख्त संदेश
डॉ. शर्मा ने स्पष्ट कहा कि देश के खिलाफ बोलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। हाल ही में फेसबुक पर पाकिस्तान जिंदाबाद लिखने वालों को गिरफ्तार किया गया है। पाकिस्तान हमारा दुश्मन है, और उसका समर्थन करने वाले देशद्रोही हैं। मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की सोशल मीडिया पर सतर्क रहें। जो भी पाकिस्तान के समर्थन में लिखे, उसे तुरंत पुलिस को सूचित करें। देशद्रोही तत्वों को जेल भेजना हमारी जिम्मेदारी है। हमें एकजुट होकर भारत माता की जय के संकल्प के साथ मोदी जी को मजबूत करना है ताकि भारत को विश्वगुरु बनाया जा सके। इस भव्य कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे: मंत्रीद्वय कौशिक राय व कृष्णेंदु पाल, मिहिर कांति सोम, विधायक (उधारबंद), दीपायन चक्रवर्ती, विधायक (शिलचर), निहार रंजन दास, विधायक (धोलाई), राजदीप ग्वाला, पूर्व विधायक (लखीपुर), कणाद पुरकायस्थ, संपादक (असम भाजपा), रीना सिंह, वरिष्ठ नेत्री, दिलीप पाल, पूर्व विधायक, पूर्व विधायक अमर जैन के अलावा जिले के पंचायत प्रतिनिधि, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा तथा हजारों कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए। नेताओं ने अपने संबोधनों में भाजपा सरकार के ऐतिहासिक विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए जनता से अपील की कि पंचायत चुनाव में भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाएं, ताकि गांव-गांव तक विकास की धारा पहुँचे।सभा का समापन ‘जय भाजपा’, ‘जय असम’ और भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों के साथ हुआ। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि आगामी 2 मई को मतदान में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाकर असम को भ्रष्टाचार मुक्त और समृद्ध राज्य बनाएंगे।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल