कछार, 29 अप्रैल:
कलाइन थाना क्षेत्र के गुमराह चाय बागान से दो नाबालिग लड़कियों की मानव तस्करी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी गंगा गंजू को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला कलाइन पी.एस. केस संख्या 15/2025 के तहत दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान दोनों नाबालिग लड़कियों को जयपुर, राजस्थान से लीला राम नामक व्यक्ति के साथ बरामद किया गया था। पूछताछ में सामने आए सुरागों के आधार पर पुलिस ने गंगा गंजू (उम्र 33 वर्ष), निवासी मोइनाटिला, बटुलमारा ग्रांट, थाना जलालपुर, जिला कछार को गिरफ्तार किया है। गंगा गंजू, सुधा गंजू की पुत्री और चंद्रमणि गंजू की बेटी है।
कछार के पुलिस अधीक्षक श्री नुमल महता ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में जांच अभी भी जारी है और पुलिस को आशंका है कि यह एक संगठित मानव तस्करी गिरोह का हिस्सा हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में सिलचर, बराक घाटी सहित असम के अन्य क्षेत्रों में सक्रिय मानव तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत स्थानीय थाने को दें, ताकि इस तरह की सामाजिक बुराइयों को समय रहते रोका जा सके।





















