मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार, जांच का दिया गया आश्वासन
सोनाई , 17 मई: सोनाई इलाके में शुक्रवार को उस समय तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया जब नव-निर्वाचित पंचायत ग्रुप सदस्या रूबा बेगम लस्कर के साथ कथित पुलिसिया उत्पीड़न के विरोध में सैकड़ों स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए। गुस्साए लोगों ने सोनाई थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, स्वतंत्र बाजार ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या 3 से रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करने वाली रूबा बेगम को पंचायत प्रमुख के पद के लिए भी समर्थन मिला था। लेकिन इसी पद के एक अन्य दावेदार ने उनके खिलाफ षड्यंत्र रचकर पुलिस के माध्यम से उन्हें परेशान करवाने की कोशिश की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मुस्तफा अहमद नामक एक व्यक्ति, जो कथित रूप से सोनाई थाने में दलाली करता है, ने पुलिस को गुमराह कर रूबा बेगम और उनके प्रतिनिधि मोकबुल हुसैन लस्कर को गुरुवार रात बिना किसी मुकदमे या कानूनी आधार के प्रताड़ित कराया। लोगों ने इसे न्याय और लोकतंत्र के खिलाफ एक गंभीर हमला बताया।
इस घटना के विरोध में शुक्रवार को बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सोनाई थाने को घेर लिया और न्याय की मांग को लेकर घंटों प्रदर्शन किया। बाद में सोनाई पुलिस के सीआई श्री रोबिन तुमुंग ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने अपना आंदोलन समाप्त किया।
हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने राज्य के मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस प्रदर्शन में पूर्व सोनाई जिला परिषद सदस्या लिलीमा बेगम लस्कर सहित कई स्थानीय नेताओं ने भी हिस्सा लिया।
जनता की मांग है स्पष्ट — लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान हो और महिला प्रतिनिधियों को न्याय मिले।




















