अलीपुरद्वार, 5 जून: असम-बंगाल सीमा से सटे अलीपुरद्वार जिले की संकोश नदी में एक विशालकाय बाघा आर (बाघा आढ़) मछली पकड़ी गई है। मछली की लंबाई लगभग साढ़े चार फीट और वजन करीब 85 किलोग्राम है। यह मछली स्थानीय मछुआरे सिद्दिक मियां के जाल में फंसी, जिसे किनारे तक लाने में उन्हें कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
सिद्दिक मियां ने बताया, “मछली इतनी भारी थी कि पहले तो समझ ही नहीं आया जाल में क्या फंसा है। धीरे-धीरे जब मछली पास आई तो देखा कि यह बाघा आर है – बेहद विशाल आकार की।”
घटना की खबर फैलते ही नदी किनारे लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सभी इस अद्भुत मछली को देखने के लिए उत्साहित थे। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी संकोश नदी में बाघा आर मछली पकड़ी गई है, लेकिन इतनी बड़ी और भारी मछली पकड़ में आना बहुत ही दुर्लभ है। आमतौर पर यह मछली छोटे जाल को फाड़कर निकल जाती है, और इसे किनारे लाने में बहुत ताकत लगती है।
इस विशाल मछली को असम के कोकराझार जिले के एक मशहूर मछली व्यापारी अब्दुल हई ने 35,000 रुपये में खरीद लिया।
प्राकृतिक जलस्रोतों की जैव विविधता का यह अनोखा उदाहरण न केवल मछुआरों के लिए खुशी की बात है, बल्कि स्थानीय पर्यटन और अनुसंधान के लिए भी खास महत्व रखता है।





















