गुवाहाटी, 7 जून (हि.स.)। गुवाहाटी की अनन्या महंत ने लंदन के मंच पर एकल सत्रिया नृत्य प्रदर्शन कर असम की सांस्कृतिक गरिमा को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित किया।
‘लुइत पारिया नाचनी’ के सौजन्य से शुक्रवार रात लंदन स्थित ‘नेहरू सेंटर’ में ‘राइम्स ऑफ़ नॉर्थ ईस्ट इंडिया: ए टेपेस्ट्री का ट्रेडीशंस’ शीर्षक से एक भव्य असमिया सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
इस मौके पर लंदन में रहने वाले कई असमिया कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में सत्रिया नृत्य के अलावा, ज्योतिप्रसाद अग्रवाला और विष्णुप्रसाद राभा के गीतों पर आधारित ‘विष्णु नृत्य’ और मणिपुर का शास्त्रीय नृत्य ‘लाई हाराओबा’ जैसी प्रस्तुतियां भी शामिल थीं।
अनन्या महंत ने जब मंच पर सत्रिया नृत्य प्रस्तुत किया, तो दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। इस प्रदर्शन ने न सिर्फ लंदनवासियों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया, बल्कि असम के लिए गौरव का क्षण भी बना।




















