शिलचर, 16 जुलाई:असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा को जेल भेजने संबंधी टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ कछार जिला भाजपा ने बुधवार को तीव्र प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इटखोला स्थित पार्टी कार्यालय से एक विरोध रैली निकाली, जो कैपिटल पॉइंट तक पहुंचकर राहुल गांधी का पुतला दहन कर समाप्त हुई।प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री के विरुद्ध अपमानजनक और भड़काऊ टिप्पणी की है, जो असम की जनता को स्वीकार्य नहीं। जिला भाजपा के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि खुद राहुल गांधी हेराल्ड घोटाले समेत कई मामलों में आरोपी हैं और जमानत पर बाहर हैं—ऐसे व्यक्ति का मुख्यमंत्री को जेल भेजने की बात करना निंदनीय है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी खुद विभिन्न कानूनी मामलों में घिरे हैं और कभी भी जेल जा सकते हैं। ऐसे में उनके द्वारा एक लोकप्रिय और जनप्रिय मुख्यमंत्री पर टिप्पणी करना पूरी तरह से राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।भाजपा ने राहुल गांधी को चेतावनी देते हुए कहा कि वह असम से तुरंत वापस लौट जाएं और भविष्य में ऐसे बयान देने से बचें। नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक स्तर पर लड़ने में असफल राहुल गांधी अब मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व शर्मा के खिलाफ अनर्गल प्रचार कर रहे हैं।जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा, अमिताभ राय, गोपाल राय, हेमांग शेखर दास, युवा मोर्चा के अधिकारी और अन्य पार्टी कार्यकर्ता इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में चल रही तेज़ विकास की गति से कांग्रेस बौखलाहट में है, और यही कारण है कि उसके नेता अब निजी हमलों पर उतर आए हैं।
नेताओं ने यह भी सवाल उठाया कि जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की राष्ट्रीयता पर ही सवाल उठ रहे हैं, तब पार्टी के राष्ट्रीय नेता असम के लोकप्रिय मुख्यमंत्री के खिलाफ अमर्यादित बयान कैसे दे सकते हैं। भाजपा ने कांग्रेस को 60 साल की विफलताओं की याद दिलाते हुए राहुल गांधी से अपील की कि वे असम की जनता का अपमान करना बंद करें।




















