फॉलो करें

कई चीजें भारत में अमेरिका से अच्छी है: राजदीप ग्वाला

66 Views

असम टी कार्पोरेशन के चेयरमैन लखीपुर के पूर्व विधायक और बराकघाटी के युवा श्रमिक नेता राजदीप ग्वाला के अमेरिका के शैक्षिक और सांस्कृतिक संबंधों के ब्यूरो द्वारा क्वाड देशों में पारदर्शिता और दायित्वबोध पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय विजिटर लीडरशिप प्रोग्राम में भाग लेकर वापस शिलचर लौटने पर हमारे प्रतिनिधि से एक भेंट वार्ता के प्रमुख अंश –

राजदीप ग्वाला ने इस यात्रा को ऐतिहासिक यात्रा बताया और कहा कि मैं बहुत भाग्यशाली हूँ जो मुझे इस गौरवमयी कार्यक्रम में निमंत्रण मिला, इसमें जाकर बहुत कुछ देखने और सीखने को मिला। राजदीप ग्वाला ने बताया कि इसके पहले इस कार्यक्रम में भारत से २००८-०९ में असम के अब्दुल खालेक और २०१६-१७ में जयंतमल बरुआ ने भाग लिया था। अमेरिका द्वारा आयोजित ये बहुत ही महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें अलग-अलग थीम पर विभिन्न देशों से हर साल ३-४ हजार लोग भाग लेते हैं। पिछले दो साल कोविड के चलते आयोजन नहीं हो पाया। २१ दिन के इस कार्यक्रम में भारत से चार लोग चुने गये थे। जिसमें से एक बीमार पड़ गये और मेरे साथ दो लोग दिल्ली से दीक्षा गोयल तथा मुंबई से शरीफ रजा ने भाग लिया।

अमेरिका, आस्ट्रेलिया, जापान और भारत ने मिलकर क्वाड (QUAD) बनाया। इसका मुख्य उद्देश्य है चारों देश एक दूसरे का सहयोग करके अपने देश की व्यवस्था को बेहतर और सुदृढ़ बनाना। सबसे बड़ी चुनौती सरकार के काम में पारदर्शिता कैसे लाई जाय। इस कार्यक्रम का पूरा व्यय अमेरिका वहन करता है, कई देश के लोगों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। विभिन्न थीम पर अलग अलग ग्रुप बनाये गये थे, हमारा 6 लोगों का ग्रुप था। जिसे अमेरिका के ५१ में से पांच राज्यों में घुमाया गया। अमेरिका ने अपनी सरकारी प्रणाली को विस्तार से बताया और दिखाया। इसपर समूह चर्चा भी की गयी।

अमेरिका ने अपनी प्रशासनिक प्रणाली, न्यायिक प्रणाली, प्रेस और निर्वाचन प्रणाली आदि के बारे में जानकारी दी तथा वहाँ की असेम्बली में भी ले गये। अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन, फिलेडेल्फिया, न्यू जर्सी, डेनवर्क तथा सीएटेल अर्थात अमेरिका के पूरब से लेकर पश्चिम तथा मध्य में हमलोगों को घुमाया गया। और सभी प्रणाली की विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी। अमेरिका में गवर्नर सिस्टम है, राज्यों में प्रमुख गवर्नर होता है, जिसका चुनाव सीधे जनता करती है। हाउस आफ रिप्रेजेन्टेटिव्स का चुनाव हर दो साल में तथा सीनेटर का चुनाव चार साल पर होता है। हम अमेरिका के दो प्रमुख मीडिया संस्थान वाशिंगटन पोस्ट व सीएटेल टाइम्स के कार्यालय में गये और उनसे वार्ता की। सोशल मीडिया के चलते वहाँ भी प्रिंट मीडिया बहुत प्रेशर में है।

अभी दुनिया में भारत की स्थिति बहुत अच्छी है, दुनिया भारत की ओर बहुत ध्यान दे रही है। भारत के नेतृत्व से दुनिया को बड़ी आशा है और वर्तमान नेतृत्व के ऊपर दुनिया में विश्वास पैदा हुआ है। कुछ चीजों पर अमेरिका में भ्रम है, हमने उसके ऊपर डिबेट किया और भारत की स्थिति स्पष्ट की, जैसे सीएए के बारे में। हमने देखा कई चीजें अमेरिका की तुलना में भारत में अच्छी हैं, जैसे अमेरिका में सुप्रीम कोर्ट के जज रिटायर नहीं होते परन्तु हमारे यहाँ ऐसा नहीं है। अमेरिका का संविधान दो-ढाई सौ साल पुराना है, अभी तक उसमें केवल २७ संशोधन हुए हैं। समय के साथ नियम कानून में परिवर्तन आना चाहिए, जरुरत के अनुसार हमारे यहाँ संविधान संशोधन होता रहता है। अमेरिका में स्टेट बहुत पावरफुल है, वो अपना नियम, नीति, टैक्स, सुरक्षा आदि स्वयं तय करते हैं। इसमें सेन्टर का कोई रोल नहीं होता। हमें पेंटागन रक्षा मंत्रालय भी दिखाया गया। जहाँ से अमेरिका की सुरक्षा व्यवस्था नियंत्रित होती है। वर्ल्ड ट्रेड सेन्टर और यहाँ ९/११ का हमला हुआ था।

अप्रवासी भारतीय भारत के लिए कुछ न कुछ करते हैं, वर्तमान समय में भारत विश्व के लिए ‘टैलेन्ट हॅब’ बन चुका है। डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक और मैनेजमेन्ट के लोग बड़ी संख्या में अमेरिका और दुनिया के अन्य देशों में काम कर रहे हैं। बाहर जाने के बाद लोगों में देशभक्ति की भावना और बढ़ जाती है। अधिकांश बड़ी कंपनियों में अच्छे पोजिशन पर भारतीय ही है। भ्रष्टाचार रोकने के लिए अमेरिका में सिस्टम है और अभी भी लगातार प्रयास चल रहे हैं। भ्रष्टाचार के आरोपी को अमेरिका में अपने पद से इस्तीफा देना पड़ता है। अमेरिका में एक सॉफ्टवेयर है ‘चेकबुक इन्क्वायरी’ जहाँ सरकारी काम-काज का विस्तृत ब्यौरा रहता है। जिसे आम जनता देख सकती है। अमेरिका में राष्ट्रपति के पास राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति मुख्य रुप से रहती है, बाकी सारा काम राज्य खुद करते हैं। अमेरिका की अर्थव्यवस्था चुनौती के दौर से गुजर रही है। अमेरिका चाइना को लेकर बहुत सतर्क है, क्योंकि उसके लिए सबसे बड़ी चुनौती चाइना से ही है। इसलिए अमेरिका भारत को विशेष महत्व दे रहा है।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल