इटानगर, 14 अप्रैल (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल ले. जनरल (सेवानिवृत्त) केटी परनाइक ने राज्य के सीमावर्ती शि-योमी जिला का दौरा करते हुए आज (शुक्रवार) वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के करीब योरलुंग, भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) चौकियों का दौरा किया। उन्होंने भारतीय सेना और आईटीबीपी के जवानों के साथ बातचीत की।
राज्यपाल ने सैनिकों से सीमा पर किसी भी विध्वंसक गतिविधि के लिए तैयार रहने और सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों और सैनिकों को अपनी गश्त और सीमा सुरक्षा गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी।
राज्यपाल ने जवानों से मनोबल ऊंचा रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों के लिए कोई भी कार्य इतना कठिन नहीं है कि उसे पूरा नहीं किया जा सके। उन्होंने उनके सभी प्रयासों में राज्य सरकार के पूर्ण समर्थन और भागीदारी का आश्वासन भी दिया।
राज्यपाल ने सैनिकों के कल्याण और उनकी प्रशिक्षण गतिविधियों के बारे में पूछताछ की। उन्होंने उन्हें अपनी मानसिक और शारीरिक फिटनेस को मजबूत करने के लिए अपने समय का सदुपयोग करने के लिए कहा।