फॉलो करें

कोरोना के एक्टिव केस 50 हजार पार:24 घंटे में 10,753 नए मामले आए, 27 मौतें; अप्रैल में ही अब तक 89 हजार संक्रमित

60 Views

24 घंटे में 10,753 नए मामले आए, 27 मौतें; अप्रैल में ही अब तक 89 हजार संक्रमित

देश में कोरोना के एक्टिव केस 50 हजार का आंकड़ा पार कर चुका है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 10,753 नए केस दर्ज किए गए हैं, जबकि 27 लोगों की मौत हुई है। एक्टिव केस बढ़कर 53,720 हो गए। इससे पहले पिछले साल 4 सितंबर को 50 हजार से ज्यादा एक्टिव केस दर्ज किए गए थे।

एक दिन पहले यानी गुरुवार को संक्रमण के 11 हजार 109 मामले सामने आए थे, जबकि 29 लोगों की मौत हुई थी। इसके अलावा एक्टिव केस 49 हजार 622 हो गए थे।

स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, डेली पॉजीटिविटी रेट 4.42% और वीकली रेट 4.02% पहुंच गया है। इसके अलावा रिकवरी रेट 98.69% है। वहीं, मृत्यु दर 1.19% दर्ज की गई। पिछले 14 दिन यानी 1 से 14 अप्रैल तक देश में 89 हजार लोग संक्रमित हो चुके हैं।

टॉप-5 राज्यों में 67% से ज्यादा नए केस, केरल सबसे आगे
देश में पिछले 24 घंटे में 10,753 नए कोरोना मरीज मिले। इनमें से 7,229 केस सिर्फ 5 राज्यों में मिले। ये कुल आंकड़ों का 67% है।

केरल: यहां 3065 नए केस मिले, 1892 लोग ठीक हुए, जबकि 6 लोगों की मौत हो गई। फिलहाल यहां 18,663 एक्टिव केस हैं। यहां बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।

दिल्ली: यहां गुरुवार को 1527 नए केस आए और 3 व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई। 909 लोग इस बीमारी से ठीक हुए। यहां पॉजिटिविटी रेट 27.7% हो गया है, जबकि एक्टिव केस 3,962 हो गए हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस बात का कोई संकेत नहीं है कि ओमिक्रॉन वैरिएंट XBB.1.16 बच्चों में गंभीर संक्रमण का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि कोविड का यह वैरिएंट खतरनाक नहीं है, यह सामान्य फ्लू की तरह है।

महाराष्ट्र: गुरुवार को यहां 1086 नए केस आए वहीं एक व्यक्ति की मौत हो गई। मंगलवार को यहां 919 नए केस मिले थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 6.78% है और 5700 एक्टिव केस हैं।

हरियाणा: यहां गुरुवार को 855 नए केस सामने आए और 447 लोग ठीक हुए। फिलहाल राज्य में 2835 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 8.99% हो गया है। यहां भी मास्क अनिवार्य कर दिया गया है।

उत्तर प्रदेश: यहां बीते दिन 549 नए केस मिले और 245 लोग ठीक हुए। फिलहाल राज्य में 2094 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 0.97% है।

देश में कोरोना अंतिम दौर में
भारत में कोरोना अब अंतिम दौर में है। अगले 10 से 12 दिनों तक केस और बढ़ेंगे, उसके बाद कम होने लगेंगे। वर्तमान में भले ही मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन अस्पताल में एडमिट मरीजों की संख्या कम है, आगे भी ऐसा ही होने की उम्मीद है।

न्यूज एजेंसी PTI के आधिकारिक सूत्रों से बुधवार को यह जानकारी मिली है। इसके मुताबिक अभी कोविड मामलों में जो वृद्धि हो रही है वह XBB.1.16 के कारण हो रही है, जो ओमिक्रॉन का सब वैरिएंट है। इस साल फरवरी में XBB.1.16 के केस 21.6 पर्सेंट थे जो अब मार्च में बढ़कर 35.8 पर्सेंट हो गए हैं।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल